डबल इंजन सरकार के सहयोग से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हो रहा समग्र विकास-दिया कुमारी

भीलवाड़ा, 06 मई (वार्ता) राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि प्रदेश में उनकी भजनलाल सरकार ने व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए हैं और डबल इंजन सरकार के सहयोग से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समग्र विकास हो रहा हैं।

श्रीमती दिया कुमारी बुधवार को भीलवाड़ा में सहाड़ा विधानसभा के रायपुर में आयोजित लगभग 59 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गत ढाई वर्षों में राज्य में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का अभाव था, सड़कों की स्थिति जर्जर थी तथा स्वास्थ्य सेवाएं भी पर्याप्त नहीं थीं लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राजस्थान में विकास की गति तेज हुई है और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों एवं योजनाओं के कारण देशभर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों के संदर्भ में आमजन से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की निरंतरता के लिए जनप्रतिनिधियों का चयन महत्वपूर्ण है तथा गांव से लेकर शहर तक विकास की श्रृंखला को मजबूत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सम्मान एवं अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। प्रदेशवासियों के सहयोग से राजस्थान भी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल स्थानीय विधायक लादूलाल पितलिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा विभाग के 111.96 लाख, आयुर्वेद विभाग के 90 लाख, सार्वजनिक निर्माण विभाग के 3699.03 लाख तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 355 लाख तथा शिक्षा विभाग के 654.3 लाख, सहकारिता विभाग के 25 लाख, बिजली विभाग के 874 लाख तथा पशुपालन विभाग के 19 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक सहाड़ा लादूलाल पितलिया, विधायक कुंभलगढ़ सुरेंद्र सिंह राठौड़ तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

Next Post

ऑपरेशन सिंदूर से लाभ मिला है, लेकिन युद्ध केवल दुख लाते हैंः फारूक

Wed May 6 , 2026
श्रीनगर, 06 मई (वार्ता) ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ से पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि इस ऑपरेशन का लाभ मिला है, लेकिन युद्ध किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हैं और वे केवल दुख लाते हैं। श्री अब्दुल्ला ने श्रीनगर में पत्रकारों से […]

You May Like