न्यूयॉर्क, 25 अगस्त (वार्ता) सातवीं वरीयता प्राप्त इटली की जैस्मीन पाओलिनी ने ऑस्ट्रेलियाई क्वालीफायर डेस्टेनी आइवा को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली हैं।
लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में रविवार देर रात खेले गये मुकाबले में पिछले हफ्ते सिनसिनाटी ओपन में उपविजेता रहीं पाओलिनी ने डेस्टेनी आइवा पर एक घंटे 28 मिनट में 6-2, 7-6(4) से जीत हासिल की।
पाओलिनी ने शुरुआत में ही घबराहट दिखाई और 168वीं रैंकिंग वाली आइवा के खिलाफ अपना पहला सर्विस गेम गंवा दिया। 25 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने दबाव में अपने मजबूत फ़ोरहैंड और आत्मविश्वास से भरे ऐस के साथ कुछ समय के लिए आशाजनक प्रदर्शन किया, लेकिन बेसलाइन पर उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी ने पाओलिनी को तुरंत वापसी करने का मौका दिया। जमने के बाद 29 वर्षीय इतालवी खिलाड़ी ने अपना रणनीतिक खेल दिखाया और पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने सर्विस ब्रेक के दौरान कई गलतियां कीं। ऐवा ने अपने शक्तिशाली ग्राउंडस्ट्रोक के दम पर मुकाबले को टाईब्रेकर तक पहुंचाया। हालाँकि, पाओलिनी का संयम निर्णायक साबित हुआ क्योंकि उन्होंने 3-0 की बढ़त बना ली और अंततः 4-5 के स्कोर पर ऐवा के फोरहैंड पर गलत शॉट लगाने के बाद पाओलिनी ने मैच जीत लिया।
पाओलिनी का दूसरे दौर में मुकाबला बेलारूस की अलियाकसांद्रा सासनोविच या अमेरिकी किशोरी इवा जोविक से होगा।
