
कोरसर कोठार गांव की घटना, मौके पर पहुंचे पटवारी
नवभारत न्यूज
चितरंगी 12 फरवरी। चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार निवासी सुखवंती कोइरी पति स्व. गिरिजा कोइरी के घर में 11-12 फरवरी की दरमियानी रात करीब 12 बजे आग लगने से पूरा दुकान का सामान जलकर खाक हो गया।
गौरतलब है कि सुखवंती कोइरी के पति गिरिजा कोइरी का करीब 5 वर्ष पूर्व टीबी रोग से मृत्यु हो गई थी। सुखवंती इस घर में दुकान रखकर दुकान के सहारे अपना एवं अपने बच्चों का जीवन यापन कर रही थी। बताते हैं कि शाम को सुखवंती ने अपने बच्चों के साथ कही अन्य जगह चली गई थी। रात में उनके भतीजे इंद्रजीत कोइरी पिता लाल मन कोइरी ने देखा कि घर में आग लगी है तो शोर मचाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। रात्रि होने के वजह से लोग एकत्रित नही हो पाए। जिससे आग बुझा पाना संभव नही हुआ और देखते ही देखते सबकुछ जल कर खाक हो गया। आग के कारणों का पता नही चल सका। इसकी जानकारी सुबह चितरंगी तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह को मिली तो तहसीलदार ने तत्काल हल्का पटवारी संजय बियार को घटनास्थल पर भेज कर पंचनामा तैयार करवाया। तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह के द्वारा कहा गया कि महिला को शासन के प्रावधान अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।
