
नीमच। सीआरपीएफ के मध्य प्रदेश सेक्टर के अधीन सभी ग्रुप केंद्रों में से ग्रुप केन्द्र नीमच को श्री सुमन कांत तिग्गा, आई.जी. मध्य प्रदेश सेक्टर, भोपाल द्वारा प्रतिष्ठित बेस्ट कॉस्ट इफेक्टिव ग्रुप केंद्र ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मंगलवार को ग्रुप केंद्र में आयोजित एक समारोह में उक्त ट्रॉफी ग्रुप केंद्र के श्री सुरेन्द्र कुमार, डीआईजी ने ग्रहण की। मुख्य अतिथि महोदय ने इस अवसर पर अपनी ओर से ग्रुप केंद्र के सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की यह ट्रॉफी ग्रुप केंद्र द्वारा सीमित संसाधनों में उच्च गुणवत्ता वाले कार्य और सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में किए गए अनुकरणीय प्रयासों का प्रतिफल है। तदुपरांत ग्रुप केंद्र के डीआईजी ने इस उपलब्धि पर बोलते हुए, कहा कि यह पुरस्कार हमारी टीम के समर्पण, नवाचार और स्मार्ट रणनीतियों का प्रमाण है। हम हमेशा गुणवत्ता से समझौता किए बिना अधिकतम प्रभावशीलता सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के प्रशासनिक क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाली 79 बटालियन जो कि वर्तमान में कश्मीर में तैनात है, को मुख्य अतिथि श्री सुमन कांत तिग्गा, आई.जी., मध्य प्रदेश सेक्टर ने बेस्ट कॉस्ट इफेक्टिव बटालियन ट्रॉफी से सम्मानित किया, जिसे बटालियन कमांडेंट श्री किशोर कुमार ने ग्रहण किया। इस अवसर पर श्री सुरेन्द्र कुमार डीआईजी ग्रुप केंद्र नीमच, ब्रिगेडियर (रिटा.) अनमोल सूद डीआईजी आरटीसी नीमच, डॉं. पदमा चौधरी डीआईजी(मेडिकल) संयुक्त अस्पताल नीमच, श्री विजय कुमार कमांडेंट प्रथम बटालियन, सभी राजपत्रित अधिकारिगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं जवान मौजूद रहे।
