
शिकायतकर्ता से आज करेगे चर्चा, स्थल का निरीक्षण भी होगा
नवभारत न्यूज
रीवा, 6 फरवरी, जिला पंचायत के बहुचर्चित वाटरशेड़ घोटाले की जांच करने रीवा पहुंची भोपाल की तीन सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम दूसरे दिन भी दस्तावेज खंगालती रही. अभी टीम को स्थल निरीक्षण के साथ शिकायतकर्ता से भी साक्ष्य एवं जानकारी एकत्र करनी है. संभवत: शुक्रवार को टीम शिकायतकर्ता से भी पूंछताछ करेगी.
उल्लेखनीय है कि वाटरशेड़ परियोजना में अनियमित भुगतान कर करोड़ो का घोटाला किया गया है. जिसकी शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता कमल सिंह बघेल द्वारा भोपाल में की गई. पहले दिन पहुंची टीम ने जिला पंचायत सीईओ के कक्ष में बैठकर दस्तावेज खंगालती रही. दूसरे दिन भी फाइलो में टीम उलझी रही. दिन भर दस्तावेजो की जांच पड़ताल चलती रही. जिला परियोजना अधिकारी वाटर शेड़ संजय सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए है, जिसकी जांच टीम कर रही है. पंचायत राज संचालनालय के संयुक्त संचालक गोपाल खुराना के नेतृत्व में पूरी जांच की जा रही है, साथ में दो अन्य अधिकारी शामिल है. दो दिन से तीन सदस्यीय टीम जिला पंचायत मे डेरा डाले हुए है और वाटरशेड़ के अलावा आंगनवाडी भवन से जुड़ी शिकायत के दस्तावेज खंगाले गए. प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास की नजर पूरी जांच पर है. यह टीम जांच पूरी करने के बाद अपना प्रतिवेदन संचालक राजीव गांधी जल ग्रहण क्षेत्र प्रबंधन को सौपेगी. जांच शुरू होते ही जिला परियोजना अधिकारी संजय सिंह अपने बचाव में जुट गए है. सूत्रो की माने तो सत्ताधारी नेताओ के पास पहुंच रहे है. लेकिन नेताओं ने भी हाथ खड़े कर लिये है. बतादें कि इसके पहले भी वाटरशेड़ घोटाले का मामला उठा लेकिन रसूख के आगे फाइले कचरे के ढ़ेर में दब गई. जांच टीम शुक्रवार को शिकायतकर्ता से भी पूरे मामले की जानकारी लेगी.
