
कलेक्टर ने टमाटर प्रसंस्करण इकाई और डीहाइड्रेटर इकाई का किया अवलोकन
झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा पेटलावद प्रवास के दौरान ग्राम सारंगी, बरवेट और रायपुरिया के किसानों से चर्चा कर, विभिन्न शेडनेट हाउस, टमाटर प्रसंस्करण इकाई और डी हाइड्रेटर और ऑटोमैटिक सीड सोइंग मशीन का अवलोकन किया। कलेक्टर ने सारंगी में पीएमएफएमई योजनांतर्गत टमाटर प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन किया। कलेक्टर को टमाटर से कैचअप बनाने की विधि विस्तार से बताई गई। कलेक्टर ने क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की आवश्यकता होने पर प्रस्ताव बनाये जाने हेतु निर्देशित किया, साथ ही कैचअप के स्थानीय मार्केट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाने और गुणवत्ता बनाये रखने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने उपस्थित किसानों को बताया की इसी माह बॉयर सेलर मीट का आयोजन किसानों और कंपनी के बीच मार्केट उपलब्धता के लिए किया जाएगा। साथ ही शहद की खेती, सजावटी फूलो की खेती का प्रशिक्षण देकर क्लस्टर बनाये जाने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर ने किया अवलोकन
कलेक्टर ने ग्राम बरवेट में जिले में पहली बार टमाटर के लिए स्थापित डीहाइड्रेटर यूनिट एवं विभिन्न प्रगतिशील किसानों के शेडनेट हाऊस का अवलोकन किया। कलेक्टर ने डीहाइड्रेटर यूनिट के संबंध में जिले में क्लस्टर बनाये जाने हेतु कहा और साथ कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से कृषको को डीहाइड्रेटर यूनिट में टेक्निकल सपोर्ट उपलब्ध कराये जाने एवं मानको के अनुसार यूनिट में कार्य कराये जाने हेतु निर्देशित किया। किसान कलेक्टर से मिलकर प्रोत्साहित एवं उत्साहित नजर आए। डीहाइड्रेटर यूनिट में टमाटर के अतिरिक्त तरबूज, चुकंदर, नींबू, करेला, मौसंबी को रखकर लंबे समय तक उपयोग में लाया जा सकता है।
मशीनों का अवलोकन कर ली जानकारी
कलेक्टर ने ग्राम रायपुरिया क्षेत्र में कृषक द्वारा सीडलिंग बनाये जाने हेतु आटोमैटिक सीड सोइंग मशीन का अवलोकन किया। वहां कृषक ने बताया कि दो एकड़ क्षेत्र में सीडलिंग डेवलप करके लगभग 24-25 लाख की कमाई की जा रही, इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने सोयाबीन से सोया मिल्क बनाये जाने वाले प्लांट का भी अवलोकन किया। क्षेत्र के किसानों का कृषि की नई टेक्नोलॉजी एवं नवाचारो का प्रयोग करने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिले की उपज को उचित मार्केटिंग के अवसर उपलब्ध कराये जाने हेतु कहा। इस दौरान एसडीएम तनुश्री मीणा, उप संचालक कृषि विभाग एनएस रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं कृषकगण उपस्थित थे।
6 झाबुआ-1 व 2- इकाई का अवलोकन करते कलेक्टर
