
100 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने दबोचा
पुलिस के 4 वाहनों को मारी टक्कर, 4 थानों में केस
भोपाल, 31 जनवरी. राजधानी के गांधी नगर इलाके में गुरुवार रात नो-एंट्री में घुसे एक ट्रक चालक ने स्टापर तोडऩे के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास किया. पुलिस ने जब उसका पीछा करना शुरू किया तो उसने करीब 100 किलोमीटर तक ट्रक को दौड़ाया. इस दौरान उसने डायल 100 समेत कई थानों के पुलिस वाहनों को टक्कर भी मारी. उसके बाद पुलिस ने उसे राजगढ़ जिले के पचोर इलाके से दबोच लिया. आरोपी ट्रक चालक और क्लीनर के खिलाफ गांधी नगर थाने में जान से मारने की गरज से टक्कर मारने, शासकीय कार्य में बाधा और बेरीकेट्स तोड़कर नुकसान पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा भोपाल और राजगढ़ के तीन अन्य थानों में भी केस दर्ज किये गए हैं. जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब सवा नौ बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा का काफिला एयरपोर्ट की तरफ जा रहा था. इस दौरान एक ट्रक चालक उनके काफिले में घुस गया. चालक लापरवाहीपूर्वक ट्रक को चला रहा था. काफिले के पायलेट वाहन ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को देते हुए ट्रक को रोकने का बोला. गांधी नगर थाने के सामने तैनात पुलिस कर्मचारियों ने तत्काल ही स्टापर लगाकर ट्रक को रोक लिया. चालक को नीचे उतरने के बोला तो वह नहीं उतरा. पुलिस ने जब उसे जबरन नीते उतारने का प्रयास किया तो उसने ट्रक को तेजी से आगे बढ़ाया और स्टापर तोड़ते हुए निकल गया. उस वक्त सामने खड़े पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बचे. 100 किलोमीटर से ज्यादा किया पीछा ट्रक चालक ट्रक लेकर ब्यावरा की तरफ भागा था, इसलिए गांधी नगर पुलिस ने रास्ते के सभी थानों को अलर्ट करते हुए उक्त ट्रक को रोकने के लिए कहा. इसके साथ ही गांधी नगर थाने की एक टीम ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया. रास्ते में परवलिया थाना, श्यामपुर दोराहा, ब्यावरा देहात थाने की टीम ने स्टापर लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने किसी भी स्थान पर ट्रक को नहीं रोका. इस बीच ब्यावारा की डायल 100 और अन्य थानों के स्टाफ ने अपने वाहनों से उसकी घेराबंदी करने का प्रयास किया, लेकिन चालक सभी वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे निकलता जा रहा था. चालक ने टोल नाके के बैरियल को भी तोड़ दिया था. किसी को नहीं निकलने दिया आगे ट्रक चालक इतनी ज्यादा लापरवाही से गाड़ी चला था कि वह किसी दूसरे वाहन चालक को आगे नहीं निकलने दे रहा था. राहगीरों को भी यह जानकारी नहीं थी, पुलिस उसका पीछा कर रही है. ट्रक खाली होने के कारण काफी तेज रफ्तार में भाग रहा था. करीब सौ किलोमीटर से भी ज्यादा भागने के बाद राजगढ़ के पचोर इलाके में ट्रक का डीजल खत्म हुआ तो ट्रक रुक गया. उसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को दबोच लिया, जबकि क्लीनर मौके से भागने में सफल रहा. आरोपी ट्रक चालक और क्लीनर के खिलाफ गांधी नगर, परवलिया, श्यामपुर और देहात ब्यावरा थाने में केस दर्ज किये गए हैं. भागने के दौरान चालक किसी अन्य वाहन को टक्कर मारता तो बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जाता है कि घटना के समय चालक नशे की हालत में था.
