ग्लासगो (स्कॉटलैंड) 25 जुलाई (वार्ता) भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच ने शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 60किग्रा भार वर्ग के ‘राउंड ऑफ़ 32’ मुकाबले में कनाडा के केओमा अल-अहमदियेह के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। आज यहां कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स के पूर्व चैंपियन सचिन सिवाच को स्कॉटिश इवेंट कैंपस में 4-1 से ‘स्प्लिट डिसीजन’ में जीत हासिल करने के लिए बर्मिंघम 2022 में 57किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले अल-अहमदियेह के कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा। दोनों ‘साउथपॉ’ (बाएं हाथ से खेलने वाले) बॉक्सरों के बीच मुकाबला शुरू हुआ और दोनों ने एक-दूसरे पर मुक्के बरसाए। सचिन ने यह राउंड मामूली अंतर से जीता; पांच में से तीन जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में 10-9 का स्कोर दिया।
अल-अहमदियेह, जिनकी बहन मैरी अल-अहमदियेह भी ग्लासगो 2026 में महिलाओं के 60 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा ले रही हैं, ने दूसरे राउंड में सचिन को कड़ी टक्कर दी। लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने ‘काउंटर-अटैक’ करते हुए सभी पांचों जजों के स्कोरकार्ड पर 10-9 से राउंड अपने नाम किया। कनाडाई बॉक्सर के पास वापसी का मौका था और वह तीसरे राउंड में आक्रामक तेवर के साथ उतरे।
सचिन के पास बढ़त थी, इसलिए उन्होंने थोड़ा संभलकर खेलते हुए मुकाबले की गति धीमी कर दी। हालांकि तीन जजों ने आखिरी राउंड अल-अहमदियेह को 10-9 से दिया, लेकिन 26 वर्षीय भारतीय बॉक्सर ‘स्प्लिट डिसीजन’ से जीत हासिल करने के लिए काफी अंक जुटा चुके थे। सोमवार को होने वाले ‘राउंड ऑफ़ 16’ मुकाबले में सचिन का सामना इंग्लैंड के विल हेविट से होगा। हेविट ने पिछले साल लिवरपूल में हुई वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पेरिस 2024 के सिल्वर मेडलिस्ट मुनारबेक सेइतबेक उलू को हराकर उलटफेर किया था। मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स में रिंग में उतरने वाले सचिन दूसरे भारतीय बॉक्सर थे। इससे पहले शुक्रवार को जादुमणी सिंह मंडेन्गबाम ने पुरुषों के 55किग्रा भार वर्ग में अपना ‘राउंड ऑफ़ 32’ मुकाबला आसानी से जीता था।

