गाजीपुर में सड़क हादसे में आठ मरे 12 घायल

गाजीपुर, 31 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के नंदगंज क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि 12 अन्य घायल हो गये।

हादसा गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव के पास दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हुआ जहां वाराणसी गोरखपुर हाई-वे पर लोगों से भरी पिकअप एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए,और पिकअप में सवार आठ लोगों की मौत हो गयी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि मृतक और घायल सभी गोरखपुर के रहने वाले है जो प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होकर वाराणसी होते हुए गोरखपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि हाइवे पर जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर मे पिकअप ट्रक से जा टकराई। घायलों का गाजीपुर मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। हादसे से इलाके में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।

मृतकों में गोरखपुर के सुधा चौरसिया, श्याम सुंदर, नित्या सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, लीलावती, पुष्प देवी और गुलाबी देवी शामिल है।

 

Next Post

म्यांमार ने छह महीने के लिए बढ़ाया आपातकाल

Fri Jan 31 , 2025
यांगून, 31 जनवरी (वार्ता) म्यांमार की राष्ट्रीय रक्षा एवं सुरक्षा परिषद (एनडीएससी) ने शुक्रवार को देश में आपातकाल की स्थिति को छह महीने के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। सरकारी म्यांमार रेडियो एवं टेलीविजन (एमआरटीवी) ने बताया कि शुक्रवार को नेपीडॉ में आयोजित एनडीएससी की बैठक में उपस्थित सभी […]

You May Like