‘आप-दा’ की लूट पर दिल्ली लगाएगी लगाम: अनुराग

नयी दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता) पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने दिल्ली में पाठशाला बनाने का वादा करके मधुशाला बनवा दिया, लेकिन अब दिल्ली की जनता ‘आप-दा’ की लूट पर लगाम लगाने वाली है।

श्री ठाकुर ने आज मुस्तफाबाद और घोंडा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के पक्ष में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में विकसित भारत निर्माण में युवाओं की भूमिका पर आयोजित कार्यक्रम में पहली बार मतदान करने वाले वोटरों से बातचीत की और उनसे वोट डालने और विकासवादी सरकार चुनने की अपील की।

उन्होंने कहा,“आप के नेताओं को श्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लूट की खुली छूट दे रखी है। यही कारण है कि दिल्ली में आप-दा की सरकार में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा को छू गया है। भ्रष्टाचार मुक्त शासन का नारा देने वाले जल बोर्ड, क्लास रूम, शराब, डीटीसी, हवाला सहित कई घोटाले किए। शीशमहल से लेकर शराब घोटाले तक, इनके सभी घोटालों और भ्रष्टाचार का उल्लेख नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में है।”

भाजपा नेता ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में जब जनता वोट देने जाएगी, तो एक बार यह विचार अवश्य करेगी कि 11 वर्ष पहले न बड़ा घर लेने, न गाड़ी लेने और न ही सुरक्षा लेने की बात करने वाले श्री केजरीवाल ने आठ घरों को मिलाकर शीशमहल बनाया है, सबसे बड़ी गाड़ी ली, दो राज्यों की सुरक्षा ली और एक नहीं अनेक घोटाले किए। उन्होंने कहा कि ‘आप’ के पाप के नेतृत्वकर्ता श्री केजरीवाल हैं। इसलिए इस बार दिल्ली की जनता आप-दा की लूट की खुली छूट पर लगाम लगाएगी और सुशासन वाली भाजपा सरकार लायेगी

श्री ठाकुर ने कहा, “आप ने कहा था कि पाठशाला बनाएंगे,लेकिन पाठशाला तो नहीं बनाएं, हां पाठशाला की जगह मधुशाला जरूर बना दी। ये झाड़ू की बात करते थे, झाड़ू से दारू पर आ गए। स्वराज की बात करते थे, लेकिन स्वराज से शराब पर आ गए। 10 वर्षों की घोटालों की यात्रा ‘आप’ के ‘पाप’ की यात्रा है।”

उन्होंने कहा कि आप सरकार के आठ मंत्री जेल गए, 15 विधायक जेल गए, एक सांसद जेल गया और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री भी जेल गए हैं। भारत की आजादी के बाद शायद ही ऐसी कोई सरकार होगी, जिसने इतने पाप किए हों। इसलिए ‘आप-दा’ का जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जब कोविड के समय दिल्ली के लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, ऑक्सीजन और सुविधाओं की कमी थी, जनता त्रस्त थी, तब आप मस्त थी। उस समय आप के नेता शराब घोटाले का ताना बाना बुन रहे थे।

 

Next Post

दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन के कारण दूषित हो रहा है पानी: सैनी

Fri Jan 31 , 2025
नई दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी की गुणवत्ता को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि हरियाणा दिल्ली को स्वच्छ पानी देता है लेकिन दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन के कारण पानी दूषित हो रहा […]

You May Like