बोगोटा, 30 जनवरी (वार्ता) कोलम्बियाई वायु सेना का एक विमान बुधवार को अमेरिका से निकाले गए 105 कोलम्बियाई नागरिकों के साथ बोगोटा में उतरा। यह मौजूदा सप्ताह में इस तरह की तीसरी उड़ान है।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “निर्वासित लोग सुबह-सुबह कैलिफोर्निया के सैन डिएगो से यहां पहुंचे।” बयान के अनुसार, सरकार विदेश में अपने नागरिकों के अधिकारों और गरिमा को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां मंगलवार को दो पिछली उड़ानें उतरीं, जिनमें कुल 201 कोलम्बियाई नागरिक वापस लौटे थे।
मंत्रालय ने कहा कि 26 जनवरी को कोलम्बिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हथकड़ी लगाकर निर्वासितों को ले जा रहे अमेरिकी सैन्य विमानों को प्रवेश देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद, वाशिंगटन में एक उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई, ताकि उनके सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से लौटने पर समझौता किया जा सके।
कोलम्बियाई परिवार कल्याण संस्थान की निदेशक एस्ट्रिड कैसरेस ने संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अमेरिकी अधिकारियों की ओर से कोलम्बियाई निर्वासितों के साथ ‘अपमानजनक’ बर्ताव किया गया था। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन बच्चों की शिकायतों की जांच करने की योजना बना रहे हैं, जिन्होंने कहा है कि उन्हें हथकड़ी लगाई गई थी और अमेरिकी अधिकारियों ने उन्हें सुबह तीन बजे उठकर ठंडे पानी से नहाने के लिए मजबूर किया था।
