आसपास के रामभक्त कुछ दिन अयोध्या आने से बचें,दूरस्थ भक्तों को दें दर्शन का मौका: चंपत राय

अयोध्या 28 जनवरी (वार्ता) राम की नगरी अयोध्या में उमड़ रहे जनसैलाब के मद्देनजर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने अपील की है कि आसपास के रामभक्त अगले 15-20 दिन तक अयोध्या आने से बचें ताकि दूरदराज से आये श्रद्धालुओं को सुगमता से रामलला के दर्शन प्राप्त हो सकें।

श्री राय ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि महाकुंभ में स्नान करने के बाद रामभक्त अयोध्या का रुख कर रहे हैं जिससे अयोध्या में भीड़ कई गुना बढ़ गयी है। अयोध्या के भूगोल और जनसुविधाओं को देखते हुये सभी का ध्यान रखना कठिन हो रहा है। उन्होने कहा कि प्रयागराज में 29 जनवरी को कुम्भ में मौनी अमावस्या का मुख्य स्नान है, अनुमान है कि 10 करोड लोग 29 जनवरी को प्रयागराज में गंगा में स्नान करेंगे। बहुत बड़ी संख्या में प्रयागराज से भक्तजन अयोध्या पहुंच रहे हैं, ट्रेन एवं सड़क दोनों प्रकार से भक्तजन प्रयाग से अयोध्या आ रहे हैं।

उन्होने कहा कि पिछले तीन दिनों से अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, अयोध्या धाम की आबादी एवं आकार को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि इतनी अधिक संख्या में भक्तों को एक दिन में रामलला के दर्शन कराना बहुत कठिन है और भक्तों को परेशानी का कारण बन रहा है। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए भक्तों को अधिक पैदल चलाना पड़ रहा है। अतः निवेदन है कि पास पड़ोस के भक्तजन 15-20 दिन के पश्चात दर्शन करने अयोध्या पधारें ताकि बहुत दूर से आने वाले भक्त आसानी से रामलला के दर्शन कर सकें।

इससे सभी को सुविधा होगी, वसंत पंचमी के बाद फरवरी मास में काफी राहत रहेगी , मौसम भी अच्छा हो जाएगा, मेरे इस निवेदन पर अवश्य विचार करें।

गौरतलब है कि प्रयागराज महाकुंभ के चलते अयोध्या और काशी में विशेष तौर पर श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढोत्तरी दर्ज की जा रही है जिसके चलते सभी धर्मनगरियों में जाम के हालात पैदा हो गये हैं।

 

Next Post

मौनी अमावस्या पर मेला प्रशासन की सलाह, जिस घाट पर पहुंचें वहीं स्नान करें

Tue Jan 28 , 2025
महाकुम्भनगर, 28 जनवरी (वार्ता) महाकुम्भ में मौनी अमावस्या के पवित्र अवसर पर करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और सतर्क रहने के लिए […]

You May Like