आप की सरकार ने बिजली, पानी, शिक्षा मुफ्त देकर लोगों को पहुंचाई राहत : आतिशी

नयी दिल्ली, 25 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य सेवाएं मुफ्त देकर राजधानी की जनता को बड़ी राहत पहुंचाई है।

सुश्री आतिशी ने यहां छत्रसाल स्टेडियम में शनिवार को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर कहा कि आप सरकार ने बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य सेवाएं मुफ्त देकर दिल्ली की जनता को बड़ी राहत पहुंचाई है। दिल्ली सरकार अपने बजट का 25 प्रतिशत हिस्सा बच्चों को अच्छी शिक्षा देने पर खर्च करती है। पूरे देश में सिर्फ राजधानी में 24 घंटे बिजली मिलती है। पिछले साल भीषण गर्मी के दिनों में भी पावर कट नहीं लगे। आज दिल्ली में रोजाना 11 लाख महिलाएं मुफ्त यात्रा का लाभ उठा रही हैं, इससे उनकी अर्थव्यवस्था में भागीदारी बढ़ी है। पिछले 10 वर्षों में हमने 38 फ्लाइओवर बनाने के साथ सड़कों, मेट्रो और बसों का भी तेजी से विकास किया है। आज हम सभी दिल्ली में हर महिला को सशक्त बनाने, सबको अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार देने का प्रण लेते हैं।

उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपनी जान दी। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने भारत की आज़ादी के बाद हमारे देश को संविधान दिया। आज उन महान लोगों को याद करने का दिन है, जिन्होंने एक आज़ाद भारत का सपना देखा और उस सपने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। जब भारत पर अंग्रेजों का राज था, तब भारत बहुत अलग हुआ करता था। भारत के लोगों के पास अधिकार नहीं थे। भारत के लोगों के पास अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार नहीं था और हमारे पास अपनी बात रखने का भी अधिकार नहीं था। सबसे बड़ी बात यह थी कि भारत के संसाधनों पर भी हमारा अधिकार नहीं था।

सुश्री आतिशी ने कहा कि भारत की आज़ादी के बाद बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा में भारत का संविधान लिखा गया। उन्होंने इस सपने के साथ संविधान लिखा कि हम ऐसा देश बनाएंगे, जहाँ हर व्यक्ति को बराबरी का अधिकार होगा। हम एक ऐसा देश बनाएंगे, जहाँ कोई भेदभाव नहीं होगा, जहाँ हर व्यक्ति को लोकतंत्र में समान अधिकार मिलेंगे, और जहाँ कोई बड़ा-छोटा, अमीर-गरीब नहीं होगा। बाबा साहब और स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार करना हमारी ज़िम्मेदारी है, क्योंकि उनके साथ सैकड़ों-हज़ारों लोगों ने कुर्बानियाँ दी हैं, जिनके नाम हमें भी नहीं पता। उनके सपनों को पूरा करके ही हम उनकी कुर्बानियों का कर्ज़ चुका सकते हैं।

Next Post

कांग्रेस की कल महू में संविधान बचाओ अभियान

Sat Jan 25 , 2025
  नव भारत न्यूज   इंदौर। महू में कल कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। उक्त महा रैली में भाग लेने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेता भाग लेंगे। महारैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे। […]

You May Like