आंध्र प्रदेश में बर्जीनिया तंबाकू के चालू विपणन-सत्र में प्रगति की केंद्रीय वाणिज्य विभाग ने की समीक्षा

नयी दिल्ली,10 जुलाई (वार्ता) केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के फ्ल्यू-क्योर्ड वर्जीनिया (एफसीवी) तंबाकू विपणन सत्र 2025–26 की प्रगति की समीक्षा की है और तंबाकू खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने, समग्र विपणन तंत्र को मजबूत करने तथा निर्यात को सुगम बनाने के उपायों पर हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार वाणिज्य विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव (आईएएस) के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने हैदराबाद में तंबाकू उत्पादकों, निर्माताओं, निर्यातकों, व्यापारियों, व्यापारिक संघों तथा तंबाकू बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ राज्य में चालू विपणन सत्र में एपवीसी तंबाकू की आवाक और विपणन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

अधिकारियों ने बाजार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा तंबाकू उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि चर्चा के दौरान एफसीवी तंबाकू की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने, निर्यात को सुगम बनाने तथा इसके समग्र विपणन तंत्र को सुदृढ़ करने के उपायों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में तंबाकू बोर्ड के पुनर्गठन, उत्पादक कल्याण कोष के अंतर्गत मिलने वाले लाभों में वृद्धि, पंजीकरण प्रक्रिया का सरलीकरण, डिजिटल पहलों को बढ़ावा तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित ग्रेडिंग प्रणाली की शुरुआत जैसे विषयों पर भी चर्चा की गयी। इस दौरान भारतीय एफसीवी तंबाकू के निर्यात के लिए नए बाजार अवसरों का विस्तार करने तथा उपयुक्त क्षेत्रों में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गयी। अपर सचिव श्री यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी हितधारकों के समन्वित प्रयासों से देश का एफसीवी तंबाकू क्षेत्र मजबूत होगा तथा वैश्विक बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी।

.....

Next Post

जी आई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल के पैकेटों में मिली बड़ी पैकेजिंग खामी

Fri Jul 10 , 2026
बालाघाट, पत्रकार की शिकायत के बाद बालाघाट खाद्य सुरक्षा प्रशासन हरकत में आये विभाग ने बालाघाट रेलवे स्टेशन परिसर में ‘एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना’ के तहत बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे GI टैग प्राप्त बालाघाट चिन्नौर चावल का निरीक्षण किया। यह चावल अपनी विशिष्ट सुगंध के कारण […]

You May Like