
सीहोर। शुक्रवार सुबह लगभग 5:15 बजे सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित भारती नगर के सामने एक भयंकर सड़क हादसा हुआ. लगभग 15 वर्षीय नाबालिग चालक ने तेज रफ्तार कार (एमपी 04 सीजे 4055) को चलाते हुए पहले सड़क पर मौजूद सुअर को टक्कर मार दी और थोड़ी आगे सड़क किनारे मार्निंग वॉक कर रहे दो युवकों को रौंद दिया. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवायडर पर लगे स्ट्रीट लाईट के खंभे से जा भिड़ी, जिससे खंभा टूटकर गिर गया.
घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें भोपाल रेफर किया गया. देर शाम जरीफ अहमद खान की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका साथी धर्मेश अस्पताल में भर्ती है. कार में दो अन्य नाबालिग मित्र भी सवार थे, जिन्हें पुलिस ने कोतवाली ले लिया.
स्थानीय नागरिकों ने इस मार्ग पर लगातार होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य और फिटनेस जोन बनाने की मांग की है. सैकड़ाखेड़ी मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें मार्निंग वॉक पर जा रहे लोग और व्यवसायियों के परिवार शामिल रहे हैं. विशेषज्ञों और यातायात पुलिस का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन सीखने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.
