कक्षा 11वीं और 12वीं में विषय सुधार की सुविधा 21 दिसंबर तक

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिये विषय सुधार की विशेष सुविधा शुरू की है. मंडल को कई स्कूलों और छात्रों से शिकायतें मिली थीं, कि कक्षा 9वीं और 11वीं के ऑनलाइन अंक दर्ज करते समय कुछ स्कूलों ने गलत विषय भर दिये थे. इसी वजह से छात्रों के कक्षा 10वीं और 12वीं के आवेदन पत्र में वे विषय दिख रहे हैं जो उन्होंने वास्तव में नहीं पढ़े. मंडल ने साफ कहा है कि कक्षा 9वीं और 10वीं में विषय एक जैसे होने चाहिए. उसी तरह कक्षा 11वीं और 12वीं के विषय भी समान होने जरूरी हैं. इसे देखते हुए मंडल ने छात्रों की सुविधा के लिये विषय सुधार की अनुमति दी है. यह सुधार 21 दिसंबर 2025 तक किया जा सकेगा. जिसके लिये प्रति विषय पांच सौ रुपये शुल्क रखा गया है. मंडल का यह कदम हजारों छात्रों को राहत देगा. जिनके विषय गलत दिख रहे थे और परीक्षा आवेदन भरने में परेशानी हो रही थी.

स्कूलों को सुधार करते समय दो दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा. पहला कक्षा 11वीं की अंकसूची और दूसरा एक घोषणा पत्र. घोषणा पत्र में यह स्पष्ट लिखना होगा कि छात्र ने कक्षा 11वीं में वही विषय पढ़े थे जिनका संशोधन किया जा रहा है और स्कूल ने उन्हीं विषयों की अंकसूची जारी की है.

चेतावनी

कोई संस्था गलत जानकारी देकर विषय बदलवाने की कोशिश करती है तो कार्रवाई तय है. सरकारी स्कूलों में प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. निजी स्कूलों की संबद्धता तत्काल रद्द भी की जा सकती है. मंडल ने यह भी कहा है कि स्कूल इस वर्ष कक्षा 9वीं और 11वीं के विषयों की ऑनलाइन प्रविष्टि बहुत सावधानी से करें. अगले साल विषय सुधार की सुविधा नहीं मिलेगी.

 

 

 

Next Post

मिलिंग राईस मशीन में फंसी महिला की दर्दनाक मौत

Sat Dec 13 , 2025
सिंगरौली : बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम उज्जैनी निवासी एक महिला मिलिंग राईस मशीन के जद में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। महिला तलवा गांव में धान की मिलिंग कराने गई थी। बरगवां पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उज्जैनी निवासी बुटली देवी साकेत पति रावेन्द्र साकेत […]

You May Like