
पेटलावद। नगर परिषद पेटलावद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की है। काफी लंबे समय से नगर परिषद में सफाई कार्य करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को संभाल रहे हैं, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
वाल्मीकि सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, पेटलावद की ओर से 7 अक्टूबर 2026 को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने 9 प्रमुख मांगें रखी हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि विनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए। साथ ही नगर पालिका एवं नगर परिषदों में ऐसे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की गई है, जिनकी सेवा अवधि 10 वर्ष पूर्ण हो चुकी है।
ज्ञापन में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण मांग रखी गई है। कर्मचारियों ने कहा कि मेडिकल आधार पर जो अनफिट कर्मचारी हैं, उनके स्थान पर उनके परिवार के सदस्य को नियुक्ति दी जाए। इसके अलावा कर्मचारियों ने अटल गौरव (बैठक) प्रोत्साहन को तुरन्त बंद किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है।
सफाई कर्मचारियों ने विनियमित कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर 10 लाख रुपये का भुगतान किए जाने की मांग रखी है। वहीं ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।
कर्मचारियों की एक अन्य प्रमुख मांग है कि सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने अथवा उसके रिटायरमेंट पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। ज्ञापन में दीपावली के अवसर पर कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन बोनस देने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने बताया कि दीपावली हिंदू समाज का बड़ा त्योहार है, इसलिए इस अवसर पर उन्हें अतिरिक्त वेतन बोनस दिया जाना चाहिए। इसके अलावा जिन कर्मचारियों को 9 वर्ष से अधिक समय हो चुका है, उन सभी का ईपीएफ (भविष्य निधि) काटने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। अपनी मांगो को लेकर आज सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल की ओर सुबह 11 बजे से स्थानीय नगर परिषद परिसर में धरने पर बैठ गये। शाम 5 बजे तक धरना जारी रहा।
