रूढ़ियों से रूपांतर तक”: आलीराजपुर की बेटियों को मिला सम्मान, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का उपहार, सोंडवा से हुआ शुभारंभ

आलीराजपुर। जिस विषय पर सदियों से चुप्पी रही, उस पर आज अलीराजपुर ने खुलकर बात करने की शुरुआत की। बालिकाओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को समर्पित अनूठी पहल “रूढ़ियों से रूपांतर तक” का शुभारंभ आज सोंडवा विकासखंड से हुआ। रूपांतर नेचर एंड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन की इस पहल को IDBI बैंक का CSR सहयोग प्राप्त है, और यह ज़िले के सभी 6 विकासखंडों के 14 छात्रावासों में रहने वाली बेटियों तक पहुँचेगी।

कार्यक्रम में माननीय सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान, जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, अनुविभागीय अधिकारी एवं नोडल ऑफिसर श्री निधि मिश्रा एवं रूपांतर नेचर एंड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सेवक श्री मनवीर सिंह खनूजा और अदिति मंडलोई एवं IDBI बैंक के प्रतिनिधि, अधीक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में बालिकाएँ उपस्थित रहीं।

यह पहल केवल सुविधाएँ उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इसका असली लक्ष्य सोच और व्यवहार में बदलाव लाना, बेटियों की गरिमा लौटाना, विद्यालय में अनुपस्थिति घटाना और सामाजिक समानता की नींव मज़बूत करना है। मासिक धर्म स्वास्थ्य एक मौलिक अधिकार है, और इस पर संवाद आज समय की माँग है। इसी सोच के साथ बालिकाओं को सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों के ज़रिये पूरे एक वर्ष तक पैड की उपलब्धता मिलेगी, उपयोग के बाद सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनरेटर लगाए जाएँगे, और हर बालिका को पेन मैनेजमेंट किट दी जाएगी, जिसमें इंटीमेट वॉश, हॉट वॉटर बैग और आवश्यक दवाइयाँ शामिल हैं। साथ ही हर बेटी के हाथ में होगी एक खास जानकारी पुस्तिका, जो किसी सखी की तरह उन्हें किशोरावस्था, माहवारी, मासिक चक्र, सैनिटरी पैड और स्वच्छता के बारे में सरल भाषा में बताती है, और देश भर में माहवारी से जुड़े उत्सवों व परंपराओं से भी परिचित कराती है।

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कहा, “माहवारी शर्म नहीं, एक स्वाभाविक और गरिमामय प्रक्रिया है। मेरा सपना है कि अलीराजपुर की कोई बेटी माहवारी के कारण अपनी शिक्षा न छोड़े। आप आज की लाभार्थी हैं, पर कल की परिवर्तनकर्ता बनेंगी।” पहल का दीर्घकालिक लक्ष्य यही है कि ये बेटियाँ जागरूकता को अपने परिवार और गाँव तक पहुँचाएँ, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ इन वर्जनाओं से मुक्त हो सकें।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बेटियों के भविष्य के लिए IDBI बैंक और रूपांतर नेचर एंड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन की पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

Next Post

ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में रैली निकाल कर सौंपा ज्ञापन,काली पट्टी बांध कर जताया विरोध,थाना परिसर में जमकर की नारेबाजी

Thu Oct 8 , 2026
पानसेमल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस थाने पर ज्ञापन सौंपा हे। PCC सदस्य अजय मिश्रा ने बताया कि आज कांग्रेस द्वारा काला दिवस मनाया गया।ज्ञापन में उल्लेख किया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के […]

You May Like