
जबलपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा गुरुवार को महाकौशल विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार नारेबाज़ी एवं धरना-प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे और प्रशासन पर गंभीर शैक्षणिक व प्रशासनिक लापरवाहियों के आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान कुलगुरु सहित शीर्ष अधिकारी परिसर में अनुपस्थित रहे, जिससे स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही। बाद में विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के पश्चात एनएसयूआई ने धरना समाप्त किया।
एनएसयूआई का आरोप है कि विश्वविद्यालय में अनेक पाठ्यक्रम प्रारंभ तो कर दिए गए हैं, किंतु उनके अनुरूप आवश्यक अधोसंरचना—जैसे उपयुक्त भवन, प्रयोगशालाएँ, छात्र सुविधा केंद्र एवं अन्य बुनियादी संसाधन मौजूद नहीं हैं। इस दौरान एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी और नियामकीय उल्लंघन जारी रहे, तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन रजक, उपाध्यक्ष अनुज यादव, अनिल मिश्रा, सक्षम यादव, पुष्पेन्द्र गौतम, यश सोनी, अभिनव मिश्रा, मो जिशान, आयुष पहाड़िया, मो कामिल, आदित्य सिंह, हर्ष कामले, यश, आयुष बागरी सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे।
