फ्लाई91 विंटर शिड्यूल में उड़ानों में 26 प्रतिशत की वृद्धि करेगी

नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी फ्लाई91 ने अपने इस साल 25 अक्टूबर से शुरू हो रहे विंटर शेड्यूल 2026-27 में उड़ानों की संख्या में 26 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। एयरलाइंस ने बताया कि कंपनी के छठे एटीआर विमान के बेड़े में शामिल होने के बाद वह नवी मुंबई से विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी। इससे विंटर शिड्यूल में साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 280 से बढ़ाकर 354 हो जाएगी। साथ ही, नवी मुंबई उसके नेटवर्क में शामिल होने वाला 14वां हवाई अड्डा बन जाएगा।

फ्लाई91 ने बताया कि नवी मुंबई से सिंधुदुर्ग, जलगांव, गोवा और लक्षद्वीप के अगाती से जोड़ेगी। इसके अलावा तिरुपति के लिए उड़ानें बढ़ाई जाएंगी जहां से पिछले महीने सेवा शुरू की गई थी। विंटर शिड्यूल से तिरुपति और हैदराबाद के बीच दिन में दो बार उड़ानें उपलब्ध होंगी। साथ ही, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को दोनों शहरों के बीच तीसरी उड़ानें भी होंगी। तिरुपति-विजयवाड़ा सप्ताह में तीन दिन – मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को – सेवा उपलब्ध होगी। तिरुपति-राजमुंदरी के बीच सोमवार और शुक्रवार को उड़ानों का संचालन होगा। सप्ताह में दो बार चलने वाली तिरुपति-बेंगलुरु सेवा की शुरुआत की जाएगी जो बुधवार और रविवार को उपलब्ध होगी।

फ्लाई91 ने हाल ही में 40 एटीआर विमानों का दिया था। यह दुनिया में किसी भी क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी द्वारा दिया गया अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है। फ्लाई91 के संस्थापक, प्रबंध निदेशक प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज चाको ने कहा, “विंटर शेड्यूल 2026-27 फ्लाई91 की विकास की यात्रा में एक अहम पड़ाव है। हम अपनी साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 280 से बढ़ाकर 354 कर रहे हैं और नवी मुंबई में ऑपरेशन शुरू करके अपने नेटवर्क को 14 गंतव्यों तक बढ़ा रहे हैं। साथ ही, यात्रियों की जबरदस्त मांग को देखते हुए हम तिरुपति के लिए संपर्क को काफी मजबूत कर रहे हैं। जैसे-जैसे हमारा नेटवर्क बढ़ रहा है, हम विमान के इस्तेमाल को बेहतर बना पा रहे हैं, यात्रियों के लिए संपर्क के विकल्प बढ़ा पा रहे हैं और बेहतर परिचालन क्षमता हासिल कर पा रहे हैं।”

.....

Next Post

भारत-स्विट्जरलैंड के बीच प्रवासन, युवा पेशेवरों और परिवहन तकनीक समेत पांच समझौते

Mon Oct 5 , 2026
नयी दिल्ली 05 अक्टूबर (वार्ता) भारत और स्विट्जरलैंड ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रवासन एवं गतिशीलता, युवा पेशेवरों, परिवहन तकनीक, विज्ञान एवं अनुसंधान तथा नवाचार के क्षेत्रों में पांच समझौते और व्यवस्थाएं तय की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत यात्रा पर आए स्विट्जरलैंड के […]

You May Like