
रीवा, रीवा के गांधी मेमोरियल चिकित्सालय में कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते प्रसूता कल्पना मिश्रा की मृत्यु के मामले में न्याय की मांग लगातार उठ रही है. अपनी बेटी को खोने के बाद न्याय की आस में कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा विभिन्न संगठनों के साथ प्रशासन के खिलाफ लगातार 15 दिनों तक धरना दिया था. अब मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट के लिये दो माह से भटक रहे है. सोमवार को आहत होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में बेवश पिता धरने में बैठ गये है.
इस दौरान प्रशासन की ओर से मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने और एक माह के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की बात कही गई थी. लेकिन हैरानी की बात है कि निर्धारित एक माह के बजाय अब दो महीने से अधिक समय गुजर चुका है, इसके बावजूद पीडि़त परिवार को आज तक जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है. जांच रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा को लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. प्रशासन की इस देरी से आहत होकर आखिरकार आज वे कलेक्टर कार्यालय रीवा में धरने पर बैठ गए हैं.
