नयी दिल्ली, 25 जनवरी (वार्ता) भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए यहां आए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने शनिवार को संसद भवन का भ्रमण किया।
लोकसभा सचिवालय ने यहां बताया कि श्री सुबियांतो ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भारत की समृद्ध संसदीय प्रणाली पर चर्चा की तथा संसद परिसर की वास्तुकला की सराहना की। इस अवसर पर श्री बिरला ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो को भारत के संविधान की प्रति एवं संसद भवन की प्रतिकृति भेंट की।
दोनों नेताओं ने याद किया कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध सहस्त्रों वर्ष पुराने हैं। रामायण और महाभारत के माध्यम से परिलक्षित होते हमारे सांस्कृतिक-सभ्यतागत संबंध समय के साथ और अधिक प्रगाढ़ हुए हैं।
