दमिश्क, 25 जनवरी (वार्ता) सीरिया के सुरक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को मध्य होम्स प्रांत में व्यापक दुर्व्यवहार की रिपोर्ट के बाद कई लड़ाकों को गिरफ्तार किया है। एक युद्ध पर्यवेक्षक ने यह रिपोर्ट दी।
सीरियाई मानवाधिकार वेधशाला (एसओएचआर) के अनुसार, ये गिरफ्तारियां सांप्रदायिक तनाव को कम करने और उन क्षेत्रों में स्थिरता बहाल करने के बढ़ते प्रयासों के बीच हुई हैं। जो दिसंबर में पूर्व सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के पतन से पहले शासन समर्थक तत्वों के कब्जे में थे।
एसओएचआर ने कहा कि सीरिया के नए नेतृत्व के तहत सैन्य अभियान प्रशासन ने उत्तरी और पश्चिमी होम्स में सुरक्षा अभियानों में शामिल गुटों के सदस्यों को कथित तौर पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए लड़ाकों पर कई गांवों में अल्पसंख्यक समुदायों को परेशान करने और ग्रामीणों को मौत की सजा देने का आरोप है।
इस बीच, सरकारी अल-थ्वारा ऑनलाइन समाचार पत्र ने होम्स के अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने मरियमिन गांव में हुई घटनाओं की निंदा की है और इस तरह का दुर्व्यवहार ‘धार्मिक विश्वासों और पवित्र स्थलों’ का अपमान है जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अधिकारियों ने एक ‘आपराधिक समूह’ पर स्थानीय निवासियों के खिलाफ दुर्व्यवहार करने के लिए सुरक्षा शून्यता का लाभ उठाने का आरोप लगाया।
समाचार पत्र में रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने पहले ही कई संदिग्धों को गिरफ्तार कर न्यायपालिका के हवाले कर दिया है और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
होम्स के गवर्नर कार्यालय ने अल-थ्वारा को बताया, “हम अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं, ताकि दुर्व्यवहार से पीड़ित लोगों को सहायता राशि दी जा सके।” उन्होंने एक विशेष समिति गठित करने का वचन दिया, जो क्षति का आकलन करेगी और सहायता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगी।

