पुलिस ने किए दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपी का पुलिस ने निकाला जुलूस
इंदौर: शहर में धोखाधड़ी कर लोगों से बैंक खाता खुलवाकर कमीशन पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी का विजय नगर चौराहे पर जुलूस भी निकाला. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.पुलिस उपायुक्त जोन-2 अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि उक्त कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार के निर्देश पर की गई. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जोमैटो डिलीवरी बॉय 25 वर्षीय फरियादी राजेंद्र गोयल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवकों ने उन्हें शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर उनकी बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक और खाते में रजिस्टर्ड सिम ले ली.
बाद में, उनके खाते का इस्तेमाल अवैध लेनदेन में किया. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने राजस्थान के राजसमंद में रहने वाले विशाल पिता श्यामलाल बाघोरा के साथ छोड़ा बागड़दा इंदौर में रहने वाले विक्की पिता अशोक शर्मा को गिरफ्तार किया है. इनके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों प्रदीप पिता किशनलाल वूकण (भीलवाड़ा, राजस्थान), लोकेश पिता घनश्याम लखारा (भीलवाड़ा, राजस्थान), और धीरज पिता धनराज (एयरपोर्ट रोड, इंदौर) को भी गिरफ्तार किया गया है. विजय नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 61 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ कि. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने झूठे नाम और पते देकर न केवल फरियादी से खाते की जानकारी हासिल की, बल्कि लाखों रुपए का अवैध लेनदेन भी किया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस ने की एडवाइजरी जारी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी बैंक से संबंधित जानकारी साझा न करें. साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
