विद्यालय की दीवार गिरी, दबने से बालक की मौत

गंभीर हालत में लाया गया था अस्पताल, कोटर के इटौर गांव की घटना
सतना : जिले की कोटर तहसील अंतर्गत इटौरा गांव में बुधवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा सामने आया जब वहां पर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिर गई. जिसकी चपेट में आने से दो बच्चे बुरी तरह घायल हो गए. जिसमें से एक बालक ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक विद्यालय इटौर की छुट्टी पहले ही हो चुकी थी. दोपहर लगभग 3 बजे गांव के दो बच्चे वहां पर स्थित हैण्डपंप पर पहुंचे. दोनों बच्चे हैंण्डपंप चलाकर पानी पी ही रही थे कि अचानक विद्यालय की दीवार भरभराकर नीचे गिर पड़ी.

जिसकी चपेट में आने के कारण दोनों बच्चे बुरी तरह घायल हो गए. घटना होती देख आस पास के लोग अनहोनी की आशंका से सहम गए. आनन-फानन में दीवार का मलबा हटाते हुए किसी तरह उसमें दबे दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच पति अपना वाहन लेकर मौके पर पहुंच गए. दोनों बच्चों को इलाज के लिए कोटर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर चिकित्सक द्वारा दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया. लेकिन एक 14 वर्षीय बच्चे अतुल सिंह पिता अशोक सिंह निवासी इटौर की हालत गंभीर नजर आने पर उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

जिला अस्पताल में उसे भर्ती करते हुए इलाज शुरु कर दिया गया. लेकिन कुछ देर तक उपचार जारी रहने के दौरान घायल बच्चा ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. घटना से उद्वेलित सरपंच पति ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला का भवन पूरी तरह से जर्जर हो चुका था. इस संबंध में शिक्षा विभाग से कई बार शिकायत भी की जा चुकी थी. लेकिव विभाग के जिम्मेदारों ने उनकी शिकायतों पर किसी तरह की तवज्जो नहीं दी. नतीजतन बुधवार को एक 14 वर्षीय बालक व्यवस्था की लापरवाही की भेंट चढ़ गया. यह तो गनीमत रही कि विद्यालय के संचालन के दौरान यह हादसा नहीं हुआ. अन्यथा कितना बड़ा हादसा होता इसकी कल्पना करने से भी मन सिहर उठता है.

Next Post

सूने घर का ताला तोड़ लाखों की नकदी-जेवर पार

Thu Jan 23 , 2025
कृष्णनगर क्षेत्र की घटना, पुलिस ने दिया जांच-कार्रवाई का आश्वासन सतना : वैवाहिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए घर पर ताला लगाकर परिजनों ने जैसे ही शहर छोड़ा वैसे ही चंद घंटे के भीतर चोरों ने धावा बोल दिया. चोरों ने घर का ताला तोडक़र अंदर रखी लाखों की […]

You May Like