आरोपी के खिलाफ पहले से हैं 14 अपराध दर्जे
इंदौर:थाना एरोड्रम पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की ई-रिक्शा बरामद की है. आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बाबुमुराई कॉलोनी से ई-रिक्शा चोरी की थी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.डीसीपी जोन 1 आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में मंगलवार 21 जनवरी को फरियादी लक्ष्मीबाई रघुवंशी निवासी बाबुमुराई कॉलोनी ने थाना एरोड्रम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 09 जेड एस 4831 को कोई अज्ञात चोर चुराकर ले गए हैं.
पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरु की थी. इस पर पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने राज नगर दरगाह के पास रहने वाले 30 वर्षीय आरोपी राजेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपने साथी रवि पंडित के साथ मिलकर रात को ई-रिक्शा चोरी करना स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपी राजेश के कब्जे से चोरी की ई-रिक्शा बरामद कर ली गई. गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी को हाथ में चोट भी आई. जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
