जेबकतरे ने बस कंडक्टर पर किया चाकू से हमला 

बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

भोपाल, 22 जनवरी. राजधानी में चलने वाली सिटीबस में कंडक्टर पर हमला करने की घटना सामने आई है. यह हमला बस में सवार एक जेबकतरे ने किया. घटना के समय बदमाश एक महिला का सामान चुराने का प्रयास कर रहा था, तभी महिला ने कंडक्टर को आवाज लगाकर शिकायत की. कंडक्टर ने बदमाश को पकड़ लिया तो उसने खुद को छुड़ाने के लिए चाकू से हमला कर दिया. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार फरियादी कपिल परमार, रूट क्रमांक 306 पर लालघाटी से एम्स के बीच चलने वाली बस में कंडक्टर हैं. मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी बस करोंद चौराहे के पास से गुजर रही थी. बस में एक महिला अपनी सीट पर बैठी हुई थी, तभी पीछे बैठा एक बदमाश महिला के बगल में जाकर बैठ गया और उसका बैग खोलने का प्रयास करने लगा. महिला ने आवाज लगाकर कंडक्टर को बताया तो कंडक्टर कपिल ने युवक के उठाकर नीचे उतारने का प्रयास किया. इस दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी. बदमाश बस के गेट पर लटक गया. कंडक्टर ने उसे उतरने का बोला तो उसने चाकू निकालकर कपिल के पैर पर मार दिया, जिससे खून निकलने लगा. उसके बाद बदमाश बस से कूदकर भाग निकला. एक अन्य महिला ने कंडक्टर को घाव पर रूमाल बांधने के लिए दिया और बस को थाने लेकर चलने का बोला. हालांकि सवारियां होने के कारण बस लालघाटी पहुंची, जिसके बाद कपिल को निजी अस्पताल पहुंचाया गया. बुधवार को पुलिस ने कपिल परमार की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चाकूबाजी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए फोटो और हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है.

0000000

फ्लाय ओवर के उद्घाटन पर बदला रहेगा ट्रैफिक

भोपाल, 22 जनवरी. एमपी नगर इलाके में नवनिर्मित जीजी फ्लाय ओवर का आज गुरुवार को मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है. इसके चलते सुबह 9 बजे से इलाके का यातायात परिवर्तित किया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इनकम टैक्स तिराहे से गायत्री मंदिर होकर डीबी मॉल रोटरी तक का यातायात पूरी तरह से परिवर्तित रहेगा. इसी प्रकार प्रभात चौराहा सुभाष ब्रिज होकर डीबी मॉल आने वाले मार्ग एवं कोर्ट चौराहा होकर एमपी नगर थाना चौराहा आने वाले मार्ग पर भारी वाहन, व्यवसायिक वाहन, यात्री बसें, मध्यम वाहन भी पूर्णत: परिवर्तित रहेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया है कि वह बदले हुए मार्ग का उपयोग करें और किसी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात थाने के दूरभाष क्रमांक 0755-2677340, 2443850 अथवा वॉट्सएप नंबपर 7587602055 पर संपर्क कर सकते हैं.

Next Post

सीबीआई को दो अधिकारियों की गिरफ्तारी की मिली अनुमति

Wed Jan 22 , 2025
रायपुर 22 जनवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पीएससी घोटाले मामले में साय सरकार ने पीएससी की परीक्षा नियंत्रक और उप परीक्षा नियंत्रक को गिरफ्तार करने की अनुमति केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को दे दी है। अब जल्द ही सीबीआई आरती वासनिक और ललित गणवीर की गिरफ्तारियां करेगी। पीएससी घोटाले मामले में […]

You May Like

मनोरंजन