जिला चिकित्सालय के नाम पर जारी करोड़ों की राशि भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार की बलि गई चढ़: ज्ञान

० जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने भाजपाईयों को घेरा, सीधी विधायक के अपनी ही सरकार के उप मुख्यमंत्री पर लगाये गये अनदेखी के आरोपों बताया गंभीर

नवभारत न्यूज

सीधी 21 जनवरी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने जिला चिकित्सालय के नाम पर जारी करोड़ की राशि के गायब होने के सीधी विधायक रीती पाठक द्वारा अपनी ही सरकार के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला पर सीधी की अनदेखी करने के लगाए आरोपों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू कह रही है कि भाजपा सरकार में सिर्फ भ्रटाचार का बोलबाला है जनता की गाढ़ी कमाई और टैक्स का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है।

ज्ञान सिंह आगे कहा कि ये आरोप मेरा नहीं बल्कि सत्तासीन भाजपा की सीधी विधायक रीती पाठक जी का है कि सीधी की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जारी करोड़ की राशि बीच में ही गायब हो गई। ज्ञान सिंह ने कहा कि सरकार भाजपा की विधायक भाजपा की स्वास्थ्य मंत्री भाजपा के और किसी को पता नहीं है कि 7 करोड़ रुपए जो सीधी अस्पताल के विकास के लिए जारी हुए थे वह कहां गायब हो गए या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। भाजपा सरकार में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है नीचे से लेकर ऊपर तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है, युवा महिलाएं किसान व्यापारी कर्मचारी सभी इस भ्रष्टाचार की बलि चढ़ रहे। पूरे प्रदेश में असुरक्षा का माहौल है हर दफ्तर में खुलेआम मलाईदार ओहदे की नीलामी हो रही है। अपने चेहरे को पदों से नवाज कर पुरस्कृत किया जा रहा है जिसका खामियाजा जिले की आम जनता को भोगना पड़ रहा है। बिना पैसे के कोई सुनवाई नहीं होती और भ्रष्टाचार की यह राशि नीचे से लेकर ऊपर तक पहुंचती है नैतिकता की बात करने वाली भाजपा का चाल चरित्र चेहरा जनता के सामने उजागर हो गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आगे कहा कि भाजपा की सीधी विधायक रीती पाठक ने अपनी ही सरकार के उप मुख्यमंत्री के ऊपर आरोप लगाया कि सीधी के स्वास्थ्य सुविधाओं की चिंता विंध्य के तथाकथित विकास पुरुष को नहीं है क्योंकि करोड़ की राशि गायब हो गई उन्हें सीधी जिले की चिंता क्यों नहीं है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री तथाकथित विकास पुरुष को रीवा से बाहर भी विकास करना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने भाजपा की सरकार और उनके जन प्रतिनिधियों पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी सरकार और जिले के जन प्रतिनिधि भ्रष्टाचार में लिप्त है, जिले के विकास से उन्हें कोई लेना देना नहीं है। हर विभाग में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गई है, जनता की गाढ़ी कमाई को खुलेआम लूट जा रहा है। भ्रष्टाचार के खेल में भाजपा के जनप्रतिनिधि और सरकार के मंत्री आपस में ही आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। ऐसी सरकार से और ऐसे जनप्रतिनिधियों से विकास की उम्मीद करना बेमानी है, विकास की करोड़ों की राशि ऊपर ही ऊपर गायब हो गई और प्रदेश के मंत्री और जिले के जनप्रतिनिधियों को उसके बारे में पता ही नहीं है। ज्ञान सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि और सरकार जनता के हितों पर कुठाराघात कर रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लडऩे के लिए प्रतिबद्ध है, करोड़ों की राशि का जो गबन हुआ है उसे खोजने का काम कांग्रेस करेगी और सीधी की जनता के न्याय की लड़ाई लड़ेगी।

००००००००००००

Next Post

सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस सांसद प्रतापगढ़ी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर लगाई रोक

Tue Jan 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने कथित तौर पर सांप्रदायिक विद्वेष को बढ़ावा देने वाली कविता सोशल मीडिया पर डालने के मामले में कांग्रेस सांसद एवं कवि इमरान प्रतापगढ़ी पर कोई दंडात्मक कार्रवाई करने पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति ए एस ओका और न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां […]

You May Like