
बड़वानी, 20 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस देश की आत्मा संविधान और विचारों की पार्टी है।
श्री पटवारी ने आज शाम यहां पत्रकारों से चर्चा में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा कांग्रेस को नई मुस्लिम लीग करार दिए जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस इस देश की आत्मा संविधान और विचारों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस देश के विभिन्न देवताओं और महापुरुषों ने मानवता की रक्षा करने को कहा है और कहा है कि सृष्टि केवल प्रेम से चल सकती है।
श्री पटवारी ने कहा कि इसी के तारतम्य में कांग्रेस प्रेम त्याग तपस्या बलिदान व क्षमा के मार्ग पर चली है। कांग्रेस ने देश को आजाद कराने में भी बलिदान दिया और उन्नति में भी, इसलिए संविधान बचाने के लिए भी बलिदान देना पड़ा तो खून का आखिरी खतरा भी बहा देंगे। उन्होंने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की टिप्पणी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत व देश की अखंडता की रक्षा में हमारे नेताओं ने अपने चिथड़े उड़वा दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं बीजेपी में गुटबाजी है। भाजपा के नेता एक दूसरे पर हमला बोल रहे हैं। इंदौर में भी भाजपा के एक नेता के पोते के शोरूम पर उन्हीं की पार्टी के लोगों ने हमला किया। इसके अलावा एक पार्षद ने दूसरे पार्षद के परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया है।
इसके पहले उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की 300 करोड़ से अधिक के कथित परिवहन घोटाले के मामले में सौरभ शर्मा दबिश के दो दिन पूर्व गायब हो गया। यदि वह कुछ बोल देगा तो सरकार की नींव हिल जाएगी। उन्होंने कहा कि जेल सजा देने और सुधार के लिए होती है लेकिन प्रदेश में एक भी जेल नहीं जहां नशा नहीं बिकता और संचालन में कमीशन खोरी नहीं होती।
