कच्चे तेल की कीमतें घटीं, फिर भी पेट्रोल-डीजल सस्ता क्यों नहीं? सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों को लेकर कहा कि सरकार वैश्चिक संकट की आड़ में तेल कंपनियों के मुनाफे को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार वैश्विक तनाव की आड़ में तेल कंपनियों के मुनाफे को बढ़ावा दे रही है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। कच्चे तेल की कीमतों के घटने के बावजूद उपभोक्ताओं को इसका फायदा क्यों नहीं दिया जा रहा है।

श्री सुरजेवाला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 77–78 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई है, लेकिन इसके बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने पहले डीजल और पेट्रोल के दाम लगभग आठ रुपये प्रति लीटर और सीएनजी के दाम 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ाए, लेकिन अब कीमतों में गिरावट का लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाया जा रहा।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में सरकारी तेल कंपनियों ने करीब 2.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमाया है। उन्होंने कहा कि महंगे ईंधन के कारण परिवहन और उत्पादन लागत बढ़ी है, जिससे महंगाई और आम लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।

श्री सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री जनता को राहत देने में विफल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि कच्चे तेल की कीमतों में आयी गिरावट का लाभ जल्द से जल्द पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में कटौती के रूप में आम लोगों तक पहुंचाया जाए।

 

 

 

 

Next Post

भारतीय टीम में खेलने का मौका सस्ता हो रहा है: गावस्कर

Tue Jun 23 , 2026
मुंबई, 23 जून (वार्ता) भारतीय क्रिकेट में वर्कलोड मैनेजमेंट (काम का बोझ संभालने) पर बहस को फिर से हवा देते हुए, भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने खिलाड़ियों को रोटेट करने (बारी-बारी से खिलाने) पर बीसीसीआई की बढ़ती निर्भरता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि बहुत […]

You May Like