रेलवे, बैंक कर्मचारी और सॉफ्टवेयर इंजीनियर चला रहे थे आईपीएल सट्टा

इंदौर: क्राइम ब्रांच ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले हाईटेक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, रेलवे और बैंक कर्मचारी सहित निजी कंपनियों में काम करने वाले युवक शामिल हैं.क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि शहर में एक गिरोह किराए के फ्लैट में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है. इस पर टीम ने मंगलवार रात बेंगलुरु और गुजरात के बीच चल रहे मैच के दौरान दबिश दी और मौके से 8 युवकों को पकड़ लिया. आरोपी पिछले करीब एक महीने से फ्लैट में रहकर मोबाइल आईडी के जरिए सट्टा बुक कर रहे थे. सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों से आकर इंदौर में रुके हुए थे.

प्रीमियम नाम की वेबसाइट से लिंक लेकर बनाई आईडी से लगवाते थे दांव
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड कुणाल दास है, जिसने टेलीग्राम के जरिए सभी को जोड़ा था. इसके बाद चैटिंग के माध्यम से पूरा नेटवर्क खड़ा किया गया. आरोपी प्रीमियम नाम की वेबसाइट से लिंक लेकर ग्राहकों को आईडी बनाकर देते थे और हर मैच पर दांव लगवाते थे. पकड़े गए आरोपियों में शशांक नेगी, जो गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, भी शामिल है. इसके अलावा रामा स्वामी, अविनाश ठाकुर, चिन्मय, राजेंद्र दास, आनंद प्रधान और विकास को भी गिरफ्तार किया गया है. इनमें कोई रेलवे कर्मचारी, बैंक कर्मी, जियो कंपनी कर्मचारी, छात्र है तो कोई अन्य निजी कंपनी में नौकरी करता है.
23 मोबाइल, 3 लैपटॉप, नकदी और करीब 2 करोड़ रुपए का रिकार्ड जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, नकदी और करीब 2 करोड़ रुपए के लेनदेन से जुड़े रजिस्टर बरामद किए हैं. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोबाइल और इंटरनेट के जरिए पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे और फ्लैट को अपना ठिकाना बनाकर सट्टे का कारोबार चला रहे थे. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है. पूछताछ में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क सामने आया है. जब्त सामग्री के आधार पर आगे की जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

Next Post

पड़ोसी की धमकियों से परेशान टेलर ने जहर खाकर किया सुसाइड

Thu May 28 , 2026
इंदौर: गांधी नगर क्षेत्र में एक टेलर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने पड़ोसी पर प्रताड़ना और लगातार धमकाने के आरोप लगाए हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव तथा परिवार में गम का माहौल है.पुलिस के अनुसार, मामला शंकर कॉलोनी का है, जहां 55 वर्षीय गजानंद पुत्र […]

You May Like