बुधनी। प्रतिबंध के बावजूद जानलेवा बनते जा रहे चाइनीज मांझे को लेकर नवभारत में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. थाना प्रभारी संदीप जाट ने पतंग एवं मांझा बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी. उल्लेखनीय है कि सोमवार को नगर के वार्ड क्रमांक 12 माना में एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया था. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस संबंध में एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि चाइनीज मांझे से हुई घटना के बादपतंग बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि कोई दुकानदार चाइनीज मांझे की बिक्री करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बाजार तक आखिर कैसे पहुंच रहा है.नागरिकों ने मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध सुनिश्चित करें तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
