दिन में चटख धूप तो रात में जबरदस्त ठिठुरन

 सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे लुढक़ा न्यूनतम तापमान

सतना :सप्ताह भर पहले हुई हल्की बारिश के बाद सक्रिय हुई उत्तरी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान ने एक बार फिर से गोता लगाना शुरु कर दिया है. मौसम पूरी तरह साफ होने और चटख धूप खिलने के बावजूद भी शाम ढलते ही शुरु हो जाने वाली जबरदस्त गलन लोगों को हलाकान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री पर पहुंच गया. दिन का यह तापमान एक ओर जहां सामान्य की तुलना में 3 डिग्री अधिक पाया गया. वहीं दूसरी ओर पिछले 24 घंटे में इसमें 1.9 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखने को मिली.

लेकिन वहीं दूसरी ओर इससे ठीक उलट न्यूनतम तापमान ने गोता लगाना शुरु कर दिया. शनिवार-रविवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान नीचे लुढक़ते हुए 7.5 डिग्री पर पहुंच गया. यह न्यूनतम तापमान एक ओर जहां सामान्य की तुलना में 1.6 डिग्री नीचे पहुंच गया. वहीं दूसरी ओर पिछले 24 घंटे में इसमें 0.7 डिग्री की गिरावट देखने को मिली. जिसके चलते दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर बढ़ते हुए 19.2 डिग्री पर पहुंच गया. रविवार का खिली चटख धूप की तासीर इतनी तीखी रही कि लोगों को ठंड की रवानगी का एहसास होने लगा. लेकिन जैसे ही शाम ढलना शुरु हुई वैसे ही एक बार फिर से जबरदस्त गलन ने लोगों को ठिठुराना शुरु कर दिया. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पहाड़ों से चलने वाली सर्द और शुष्क हवाएं सीधे तौर पर विंध्य को प्रभावित कर रही हैं. जिसके चलते एक ओर जहां मौसम साफ होने के साथ-साथ धूप भी काफी चटख हो रही है, वहीं दूसरी ओर शाम से लेकर सुबह होने तक तीखी गलन का असर बना रहता है.
 स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
अब तक पड़ चुकी ठंड में अपने आप को ढाल चुके लोगों के लिए मौसम का यह नया तेवर परेशानी का सबब बनता नजर आ रहा है. दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर ने एलर्जी, ब्रोंकाइटिस, जोंड़ों के दर्द, गैस, रक्त चाप और ह्दय रोग के मरीजों को और अधिक संवेदनशील बना दिया है. इसी कड़ी में बच्चे और बुजुर्ग भी इस मौसमी तेवर से प्रभावित होते नजर आ रहे हैं. जिसके चलते सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती नजर आने लगी है. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल ठंड में लापरवाही बरतना स्वास्थ्य के लिहाज से हानिकारक हो सकता है. इसलिए ठंड से बचने के उपाय अपनाने में किसी तरह की कोताही नहीं करनी चाहिए.

Next Post

 पुलिया से टकराकर खाईं में गिरा बाइक सवार, मौत

Mon Jan 20 , 2025
सतना-चित्रकूट मार्ग पर कोठी के निकट हुआ हादसा सतना : सतना चित्रकूट राज्यमार्ग पर कोठी के निकट रविवार हुए सडक़ हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई. मृतक लोक निर्माण विभाग का कर्मचारी था. बताया गया कि मवेशी को बचाने के चक्कर में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिस से […]

You May Like