सहायक प्रबंधक की करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति का खुलासा

उज्जैन, 19 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम द्वारा जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सहायक प्रबंधक अनिल सुहाने के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलें में छापे की कार्यवाही कर छह करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति का खुलासा किया है।

ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने बताया कि विभाग की उज्जैन ईकाई को मिली एक सूचना के बाद जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सहायक प्रबंधक श्री सुहानेे के विरूद्ध आय से अधिक संपत्ति के अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर आज उसके निवास बी 2/20 बसंत विहार उज्जैन और अन्य भवन- ए 3/8 बसंत विहार कालोनी इंदौर रोड उज्जैन पर छापे की कार्यवाही की गई, जिसमें करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है।

ईओडब्ल्यू की इस कार्यवाही में आरोपी के उज्जैन की बसंत विहार कालोनी में एक तीन मंजिला भवन, बसंत विहार में 2400 वर्गफीट का चार मंजिला नवनिर्मित व्यवसायिक भवन, क्षिप्रा विहार में 2300 वर्गफीट का प्लाट, विनय नगर में 650-650 वर्गफीट के दो प्लाट, शहर के मध्य दवाबाजार में 600-600 वर्गफीट की 02 दुकानें तथा 9 लाख से अधिक नकद राशि, लाखों रूपए के जेवरात, 3 चारपहिया वाहन, 3 दो पहिया वाहनों की जानकारी मिली है। साथ ही उसके तीन बैंक लॉकरों का पता चला है, जिसे खोला जाना शेष है। उनके कई बैंक अकाउंटस में जमा राशि की जानकारी भी प्राप्त की जा रही हैं। श्री सुहाने दिसंबर 2024 को सहायक प्रबंधक जिला सहकारी बैंक उज्जैन के पद से सेवा निवृत्त हुए है। संपत्ति का मूल्य छह करोड़ रुपए से अधिक बताया गया है। मौके पर कार्यवाही अभी जारी है। कार्यवाही के दौरान और अधिक संपत्ति मिलने की संभावना है।

Next Post

हाइवा ने बाईक सवार को कुचला, दो की मौत, एक गम्भीर

Sun Jan 19 , 2025
शहडोल, 19 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में आज हाइवा के चपेट में आने एक दो लोगों की मौत हो गयी, एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जयसिंहनगर थाने के कनाड़ी खुर्द गाँव में शाम को रेत से लदे एक हाइवा ने […]

You May Like