‘नमो भारत’ आरआरटीएस से दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा संपर्क, तेज होगी रफ्तार : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) ‘नमो भारत’ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) सेवा के उद्घाटन और पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर शुरू होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। श्रीमति गुप्ता ने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्र के लिए एक नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। इससे दिल्ली और एनसीआर में संपर्क बेहतर होने के साथ यात्रा तेज, सुरक्षित तथा आरामदायक बनेगी।

श्रीमति गुप्ता ने परियोजना के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति दिल्लीवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए इसे अत्याधुनिक और गौरवपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि मेरठ और आसपास के शहरों से रोज़ाना दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को अब तेज और भरोसेमंद यात्रा का नया विकल्प मिलेगा, जिससे यात्रा समय में काफी कमी आएगी और दैनिक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।

श्रीमति गुप्ता ने कहा कि आरआरटीएस के संचालन से सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घटेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होने और कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की भी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की परिवहन क्षेत्र की सोच एकीकृत, आधुनिक और टिकाऊ विकास पर आधारित है, जिसका उद्देश्य केवल सड़कों, रेल, मेट्रो या हवाई सेवाओं का विस्तार नहीं बल्कि बहु-माध्यमीय कनेक्टिविटी के जरिए देश के हर क्षेत्र को जोड़ना है।

श्रीमति गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक्सप्रेसवे, सेमी-हाई-स्पीड रेल, वंदे भारत ट्रेन, मेट्रो विस्तार, अंतर्देशीय जलमार्ग और आरआरटीएस जैसी परियोजनाओं में तेज़ी आई है। यह दृष्टिकोण समय की बचत, ईंधन की खपत में कमी और प्रदूषण घटाने के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है तथा आम नागरिकों की यात्रा अनुभव को बेहतर बनाता है।

श्रीमति गुप्ता ने कहा कि बढ़ती आबादी और बढ़ती आवागमन चुनौतियों के बीच आरआरटीएस दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को नई ऊर्जा देगा, यात्रियों का समय और संसाधन बचाएगा तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहित करेगा। मुख्यमंत्री ने इसे विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार तैयार करने वाला कदम बताया।

 

 

 

Next Post

शीर्ष 10 की छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 63,478 करोड़ रुपये बढ़ा

Sun Feb 22 , 2026
मुंबई, 22 फरवरी (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही तेजी के बीच बीएसई की शीर्ष 10 में शामिल छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 63,478 करोड़ रुपये बढ़ गया जबकि अन्य चार का 38,752 करोड़ रुपये घट गया। निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी का एमकैप 28,523 […]

You May Like