
नवभारत न्यूज
खंडवा। ओंकारेश्वर बांध परियोजना की सुरक्षा में रेवा टापू खतरा बन रहा है। मछली पकडऩे वालों और पर्यटकों को सैर कराने के कारण सुरक्षा एजेंसी परेशान दिख रही है। सीआईएसएफ ने नाविकों को बुलाकर फिर बैठक में एक तरह से चेतावनी दी है,कि वे उस इलाके में जाएं।
सीआईएसएफ ने नाविक संघ के सदस्यों व मछुआरों को साफ चेतावनी दी है कि ओंकारेश्वर बांध के अप-स्ट्रीम स्थित, सैलानी टापू व बांध के मध्य टापू (रेवा आईलैंड) है। टापू से बांध का पूरा क्षेत्र शासन द्वारा पूर्णत: प्रतिबंधित घोषित किया गया है।
बकेट एरिया में भी न जाएं
प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पालन, मछली पकडऩा, नौका सैर, तैराकी व किसी भी प्रकार के अनाधिकृत प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध है।
इसके अलावा डाउन स्ट्रिम में भी डेम बकेट एरिया तथा टरबाईन टीआरसी एरिया भी पूर्णत: प्रतिबंधित क्षेत्र है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश व किसी भी प्रकार का अनाधिकृत कार्य करने पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
दूसरी बार चेतावनी
दर्शन सिंह,सहायक कमाण्डेंट, सीआईएसएफ, इकाई ओकेपीएस,ओंकारेश्वर (खण्डवा), ने ओंकारेश्वर बांध परियोजना की सुरक्षा की गंभीरता तथा आगामी 26 जनवरी के कारण नाविक संघ के सदस्यों व अन्य मछुआरों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश ना करने की चेतावनी दी है। इससे पहले भी इन्हें एक बार चेतावनी दी जा चुकी है।
