नयी दिल्ली/ब्रुसेल्स 18 जनवरी (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रुसेल्स (बेल्जियम) की अपनी यात्रा के पहले दिन शनिवार को यूरोपीय संघ(ईयू) के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा मामलों के आयुक्त मार्कोस सेफकोविच से मुलाकात की।
श्री गोयल ईयू के साथ बातचीत के लिए ब्रुसेल्स की तीन दिन की यात्रा पर हैं।
वाणिज्य मंत्री ने श्री सेफकोविच के साथ मुलाकात के चित्र के साथ सोसल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘ ब्रुसेल्स की अपनी इस यात्रा की शुरुआत ईयू के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा मामलों के आयुक्त मार्कोस सेफकोविच के साथ एक उत्साहपूर्ण भेंट से की। हमने द्विपक्षीय विषयों पर विचार-विनिमय किया। इनमें व्यापार और भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत भी शामिल थी।”
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार ईयू भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है और उसके साथ द्विपक्षीय व्यापार 2023-2024 में 180 अरब डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है। ईयू प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का भी एक महत्वपूर्ण स्रोत है और वहां की कंपनियों ने भारत में अनुमानित 117.34 अरब डालर का सीधा निवेश किया है।
इस यात्रा के बारे में जारी मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार श्री गोयल के ब्रुसेल्स की यात्रा में दोनों पक्ष के बीच भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर व्यापक चर्चा , व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की संरचना का जायजा लेने और द्विपक्षीय व्यापार मामलों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।
इस यात्रा के दौरान श्री गोयल के विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक डॉ. नगोजी ओकोन्जो-इवेला, बेल्जियम के विदेश, यूरोपीय मामले और विदेश व्यापार मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन से मुलाकात करने के अलावा बेल्जियम के उद्योग और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है।
