
सिवनी। मवेशी तस्करी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। डूंडासिवनी पुलिस ने रात के समय एक ट्रक पकड़ा, जिसमें अमानवीय तरीके से 67 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इनमें से तीन मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के वायपास रोड पर नगझर राजस्थानी ढाबा के सामने घेराबंदी कर ट्रक एम पी 09 एच एच 6406 को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ट्रक चालक इरफान खान (39), जो मंडीद्वीप, रायसेन का निवासी है, और उसके तीन साथी – संतोष लोधी (60), उस्मान खान (30) और हसीफ (26) शामिल हैं। तीनों आरोपी सारंगपुर, राजगढ़ के रहने वाले हैं। ये सभी मवेशियों को जबलपुर से नागपुर के कत्लखाने ले जा रहे थे।
