नीट-यूजी पेपर लीक मामला: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, जल्द होगी दोबारा परीक्षा : एनटीए प्रमुख

नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने मंगलवार को कहा है कि नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और नयी परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी जिसका शेडयूल अगले दस दिनों के भीतर जारी कर दिया जायेगा।

श्री सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह मामला अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “हमने यह मामला सीबीआई को सौंप दिया है। सभी मुजरिमों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा ताकि होनहार छात्रों के भविष्य पर कोई आंच न आए।” श्री सिंह ने यह भी साफ किया कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों से कोई भी अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहली परीक्षा की फीस भी वापस करने का इंतजाम किया जाएगा।

श्री सिंह ने परीक्षा रद्द होने के बारे में बताते हुए कहा कि एनटीए को 7 मई की रात एक ‘व्हिसलब्लोअर’ से अहम जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा, “हमें पता चला कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही किसी को व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला था, जिसमें कुछ सवाल असली पर्चे जैसे ही थे।” यह भी खुलासा हुआ कि कुछ पीडीएफ फाइलें एक और दो मई को ही कुछ लोगों के फोन तक पहुँच चुकी थीं। श्री सिंह के मुताबिक, “यह हमारी ‘जीरो टॉलरेंस’ पॉलिसी का उल्लंघन था। इससे उन बच्चों की मेहनत पर पानी फिर जाता जो दिन-रात पढ़ाई कर रहे थे, इसलिए छात्रों के हक में हमने यह कड़ा कदम उठाया।”

श्री सिंह ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हो, चाहे वो सिस्टम के अंदर का हो या बाहर का, उनका सीबीआई से यही कहना है कि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो ताकि ये समस्या जड़ से खत्म हो जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एक अप्रैल को ही उन्होंने चार्ज संभाला है इसलिए वह अधिक कुछ कहना नहीं चाहेगे मगर उनका सीबीआई जांच में पूरा पूरा सहयोग रहेगा।

उल्लेखनीय है कि गत तीन मई को देश-विदेश के 5,400 से ज्यादा केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में करीब 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। अब इन सभी छात्रों को दोबारा अपनी काबिलियत साबित करने का मौका दिया जाएगा।

 

Next Post

अब केवल अंतरराष्ट्रीय मानक स्थापित कर रहा एम्स : राधाकृष्णन

Tue May 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को कहा कि एम्स अब केवल अंतरराष्ट्रीय मानकों का अनुसरण ही नहीं बल्कि उन्हें स्थापित कर रहा है। श्री राधाकृष्णन ने आज यहां एम्स के 51वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एम्स अब केवल अंतरराष्ट्रीय मानकों का […]

You May Like