तेहरान 16 अगस्त (वार्ता) ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए समुद्री मानचित्र पर समझौता हो गया है, हालांकि कुछ मुद्दों पर अभी भी बातचीत चल रही है।
प्रेस टीवी ने ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई के हवाले से यह जानकारी दी है।
इससे पहले सऊदी ब्रॉडकास्टर अल-हदाथ ने खबर दी थी कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को परिवहन के लिए पूरी तरह खोलने पर समझौता हुआ है, जिसे ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की मंजूरी मिलनी बाकी है।
चैनल के अनुसार इस समझौते की आधिकारिक घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी।
हाल के हफ्तों में अमेरिका और ईरान पश्चिम एशिया के मध्यस्थों की मदद से संघर्ष को खत्म करने के लिए एक नए समझौते की शर्तों पर सहमत होने की कोशिश कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गत नौ अगस्त को कहा था कि अमेरिका ईरान के साथ बहुत धीमी गति से बातचीत कर रहा है, जबकि ईरान की आर्थिक स्थिति कथित तौर पर और खराब हो गई है।
