नीट पेपर लीक पर कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने रोका

भोपाल। नीट पेपर लीक प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा घोटालों के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा छात्रों पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को भोपाल शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों से देश के लाखों विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक सहित सभी परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस ने विभिन्न छात्र आंदोलनों के दौरान विद्यार्थियों पर दर्ज सभी आपराधिक प्रकरण तत्काल वापस लेने तथा संसद में छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कराने की भी मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

मार्च में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव संजीव सक्सेना, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी अंशुल त्रिवेदी, प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, जिला संगठन महासचिव अभिषेक शर्मा, प्रदेश सचिव गुड्डू चौहान, राजकुमार सिंह, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, शहर जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र शामिल रहे।

Next Post

यूपी के 2 बदमाश गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला महिला का मंगलसूत्र लूट का मामला

Thu Jul 23 , 2026
रीवा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर बाइक सवार महिला से मंगलसूत्र लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को रीवा जिले की जनेह पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल बरामद कर उन्हें न्यायालय […]

You May Like