यूक्रेन पर रूसी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हुई, जेलेंस्की ने अमेरिका से मांगी पैट्रियट मिसाइल

कीव, 03 जुलाई (वार्ता) यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के अब तक के सबसे बड़े हवाई हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हो गयी है। कीव के डारनित्स्की जिले में एक क्षतिग्रस्त आवासीय इमारत के मलबे से तीन और शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही रूसी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। जबकि इससे पहले की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत और 90 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि की गयी थी।

यूक्रेनी मीडिया यूक्रेनेस्का प्रावदा ने यह जानकारी दी है। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार रूस ने इस हमले के दौरान 570 हवाई हथियारों का इस्तेमाल किया, जिनमें से लगभग 500 ड्रोन थे। इसके अलावा, कीव पर 24 इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइलें और लगभग 50 क्रूज मिसाइलें दागी गयीं। इन मिसाइलों में मुख्य रूप से जहाजों को निशाना बनाने के लिए विकसित की गयी चार जिरकॉन हाइपरसोनिक गाइडेड मिसाइलें भी शामिल थीं। यूक्रेन की सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने चेतावनी दी है कि बचाव दल अब भी मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने यह भी आशंका जाहिर की है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

लगभग 11 घंटे तक चले इस हमले में शहर के 36 ठिकाने क्षतिग्रस्त हुए हैं, और हवाई हमले के अलर्ट के बाद कीव मेट्रो स्टेशनों में 50,000 से अधिक लोगों ने शरण ली है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमलों ने कीव के अलावा खार्किव, सुमी, निप्रो, जापोरिझिया और चेर्कासी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया है। उन्होंने इस हमले का करारा जवाब देने की बात कही और अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेष रूप से अमेरिका से पैट्रियट मिसाइलों और अन्य वायु रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति की मांग को दोहराया है। श्री जेलेंस्की ने कहा कि ऐसे कदम ही इस युद्ध को रोक सकते हैं और भविष्य में होने वाले इन भीषण हमलों को टाल सकते हैं।

.....

Next Post

शादी के फेरे लेते ही लापता हुई दुल्हन

Fri Jul 3 , 2026
जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत बुढ़ागर से एक नवविवाहित दुल्हन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सात जन्मों का साथ निभाने का वादा कर विदा हुई दुल्हन शादी के ठीक अगले ही दिन पति को मंदिर में छोड़कर अचानक गायब हो गई। घटना 24 जून की सुबह की है, जहां […]

You May Like