शादी के फेरे लेते ही लापता हुई दुल्हन

जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत बुढ़ागर से एक नवविवाहित दुल्हन के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सात जन्मों का साथ निभाने का वादा कर विदा हुई दुल्हन शादी के ठीक अगले ही दिन पति को मंदिर में छोड़कर अचानक गायब हो गई। घटना 24 जून की सुबह की है, जहां ब्यूटी पार्लर जाने का बहाना बनाकर निकली दुल्हन का 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पीड़ित पति की शिकायत पर गोसलपुर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरेला थाना अंतर्गत रिछाई शारदा मंदिर के पास निवासी पीड़ित पति गौतम यादव ने बताया कि वह पेशे से हारमोनियम बनाने का कार्य करता है। बीते 21 जून 2026 को उसकी बारात ग्राम माल्हा आई थी, जहां सामाजिक रीति-रिवाज और पूरे विधि-विधान के साथ उसका विवाह सुहानी यादव से संपन्न हुआ था। विवाह के तुरंत बाद, 23 जून को दोनों सुहानी की मौसी नेहा की शादी में सम्मिलित होने के लिए गोसलपुर आए हुए थे।

पार्लर जा रही हूं… कहकर गई और फिर नहीं लौटी

24 जून की सुबह करीब 8 बजे गौतम अपनी पत्नी सुहानी के साथ आशीर्वाद लेने और पूजा-अर्चना करने के लिए बुढ़ागर स्थित बंजारी माता मंदिर पहुंचा था। मंदिर परिसर में ही सुहानी ने अपने पति से कहा कि वह पास के ही एक ब्यूटी पार्लर जा रही है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगी। पति गौतम मंदिर के पास ही उसका इंतजार करता रहा, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब सुहानी वापस नहीं लौटी, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए।

रिश्तेदारों से लेकर संभावित ठिकानों पर तलाश, सब बेनतीजा

दुल्हन के अचानक गायब होने से शादी की खुशियां पल भर में चिंता में बदल गईं। पति गौतम और दोनों पक्षों के परिजनों ने तत्काल आसपास के गांवों, बाजारों, मोहल्लों और अपने सभी सगे-संबंधियों व नाते-रिश्तेदारों में सुहानी की हर संभावित जगह तलाश की। जब कहीं भी उसका कोई पता नहीं चला, तब थक-हारकर मामले की लिखित शिकायत गोसलपुर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत पर तुरंत गुमइंसान कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।

जांच में जुटी टीमें, सुराग नहीं

गोसलपुर पुलिस ने शहर सहित देहात के समस्त थानों को आर.एम. (रेडियो मैसेज) के जरिए सूचना प्रसारित कर अलर्ट कर दिया है। आज 3 जुलाई हो चुकी है और घटना को पूरे 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस और परिजनों के हाथ अब भी खाली हैं। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला स्वेच्छा से कहीं गई है या उसके साथ कोई अनहोनी हुई है।

Next Post

2028 ओलंपिक क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला

Fri Jul 3 , 2026
कैलिफोर्निया,03 जुलाई (वार्ता) लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की मेजबानी करने वाले नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में गुरुवार को पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला गया। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच यह ऐतिहासिक मैच आयोजित हुआ। कैलिफोर्निया के पोमोना में हाल ही […]

You May Like