सिंगरौली : जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण ने पूर्व प्रदेश प्रवक्ता युवा कांग्रेस एवं सरई निवासी अरुण जायसवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस जिला संगठन महासचिव संकठा सिंह चौहान बबलू द्वारा जारी किया गया है।नोटिस के अनुसार अरुण जायसवाल ने 21 अक्टूबर को अपने फेसबुक पेज पर सिंगरौली कांग्रेस संगठन को लेकर आरोप लगाते हुए पोस्ट की थी। संगठन ने इसे पार्टी की छवि धूमिल करने वाला कृत्य बताते हुए पार्टी की गाइडलाइन के विपरीत और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है।
नोटिस में अरुण जायसवाल से सात दिनों के भीतर जिला अध्यक्ष, सिंगरौली ग्रामीण के समक्ष अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। जवाब को अनुशासन समिति के समक्ष रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासन समिति यह मान सकती है कि अनुशासनहीनता जानबूझकर की गई है। इधर अरूण जायसवाल का कहना है कि हमलोग जमीनी कार्यकर्ता हैं, पार्टी हमारे के लिए सर्वोपरि है। नोटिस हमे मिली है, इसका जवाब प्रदेश संगठन महामंत्री एवं प्रदेशाध्यक्ष को ही दूंगा। जिले वालो को नोटिस नही दूंगा, क्योंकि उन्ही पर आरोप है।
