
ठगी का शिकार हुए लोगो ने दमोह एसपी से लगाई थी न्याय की गुहार…
नवभारत,हटा/दमोह.
कहते हैं लालच बुरी बला है..जिसने भी लालच किया है. वह लंबा फंसा है, लालच की मोटी पट्टी के आगे सच की रोशनी दिखाई नहीं देती. इसी के चलते लोग बड़ी ठगी का शिकार हो रहे हैं, दरअसल दमोह जिले के रनेह थाना पुलिस ने एक बाबा को गिरफ्तार किया है. यह बाबा लोगो को पैसे डबल करने का झांसा देकर दिव्य शक्ति से तंत्र मंत्र की क्रियाओं का इस्तेमाल करके फर्जी चमत्कार दिखाकर एक काले कपड़े के अंदर से पैसों की बारिश कर पैसे डबल करने के नाम पर लोगो को लाखों का चूना लगा चुका है. फर्जी बाबा ने अलग-अलग लोगो से लाखो रुपए की ठगी की है.
दरअसल रनेह थाना क्षेत्र के मझगुआ अमान गांव का निवासी ढोंगी बाबा हरिनारायण दुबे उर्फ नन्नू बाबा के नाम से क्षेत्र में फेमस है. जो लोगो को झूठे चमत्कार दिखाकर पैसों को चार गुना तक करने का दावा करता है.इसी झांसे में आकर कई लोगो ने अपनी गाड़ी कमाई गवा दी है.फर्जी बाबा लोगों को व्हाट्सएप पर अपनी वीडियो भी डालता था, जिससे लोग उसके झांसे में आ जाए.एक वीडिओ में दिखाई दे रहा है कि लोग नंन्नू बाबा पर विश्वास करे इसलिए वह अपने घर में ही कपड़ो को उतारकर एक गमछे को लपेटकर तंत्र मंत्र की क्रियाए करता है. ताकि लोगो को यकीन हो सके कि बाबा जी तो कपड़े तक उतार लेते हैं और उनके पास कुछ भी नहीं है, इसके बाद वह काले कपड़े को लेकर तंत्र मंत्र पड़ता और कपड़े के अंदर से रुपयों की बारिश होंने लगती.जिसमे 100 से लेकर 500 रुपए तक के नोट गिरते दिखाई दे रहे हैं.जिसे देखकर लोग हैरान हो जाते और फर्जी बाबा पर यकीन कर लेते वहीं अपने पैसे बाबा को दुगने करने के लिए दे जाते.इसी तरह पथरिया थाना क्षेत्र के निवासी साहिल खान ने ढोंगी बाबा को तीन लाख रुपए दमोह के सिविल वार्ड निवासी रवि दुबे और अजहर सौदागर ने अपने पैसे डबल करने के लिए दिए. बाबा ने कुछ दिनों के बाद पेसो को डबल करके लौटाने का दावा किया, वहीं कुछ दिनों के बाद तीनो लोग पैसे मांगने बाबा के पास पहुंचे, तो पैसे वापिस नहीं किये. उल्टे बाबा ने लोगों को तंत्र मंत्र के जरिये मारने की धमकी दे डाली. जिसके बाद लोगो की आंखे खुली और अपने आप को ठगा हुआ महसूस किया. पीड़ितों ने दमोह एसपी के पास आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई.जिस पर दमोह एसपी के निर्देश पर रनेह थाना प्रभारी चंदन सिंह ने ढोंगी नन्नू बाबा के विरुद्ध धारा 420 धोखाधड़ी कर बेईमानी से पैसे हासिल करने का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की. बुधवार को पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की. जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है. वहीं बताया गया है आरोपित के साथ धोखाधड़ी की टीम में अन्य चार लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
