
नवभारत न्यूज
खंडवा। मध्यम तबके के शहर में स्पा (मसाज) सेंटर पर हंगामा हो गया। सेंटर में मसाज कराने आए युवक को दुकान बंद करने का समय होने के कारण गुस्सा आ गया। उसने दोस्तों को बुला लिया। वहां मौजूद एक युवक मयूर सेन व तीन युवतियों की बेल्ट से पिटाई कर दी गई। मौके पर हंगामा मच गया। पुलिस भी पहुंच गई। घटना सोमवार रात 10.30 बजे की है।
इसी दिन दोपहर में एसपी ने महिला अपराध रोकने के मामले में क्राइम मीटिंग भी ली थी। अफसरों को टाइट किया था। मोघट पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। 7 को पकड़ भी लिया। 4 खबर लिखे जाने तक फरार थे। आरोपी एक संगठन से संबद्ध बताए जा रहे हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी एंगल्स से जांच कर रही है।
स्पा वाले आईडी जमा कराएं
सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया। मोघट थानांर्तगत दो अन्य स्पा सेंटरों की भी जांच की गई। वहां की जानकारी ली गई। सेंटरों के संचालकों से कहा गया है कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों की पूरी डिटेड संबंधित थानों में जमा करवाएं।
गलत काम का था शक?
सोमवार की रात करीब 10.30 बजे शहर के आनंद नगर स्थित एक स्पा सेंटर में स्टाफ सेंटर को बंद करने की तैयारी में था। तभी 11 लोग धड़धड़ाते हुए सेंटर में घुसे। उन्होंने पूछा कि स्पा सेंटर में कोई गलत काम तो नहीं कर रहे हो? स्पा सेंटर के स्टाफ के युवक मयूर व अन्य युवतियों ने जब कहा कि स्पा सेंटर में कोई गलत काम नहीं होता। इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई और आरोपी युवकों ने विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
ऐसे लिया कानून हाथ में
स्पा सेंटर में मौजूद युवक मयूर व लड़कियों के साथ लात-घूंसों व बेल्ट से मारपीट की गई। मारपीट करने के बाद आरोपी युवक मौके से भाग गए। पीडि़त स्पा सेंटर स्टाफ व युवक मयूर ने स्पा सेंटर के मालिक को सूचना दी। फिर सभी खंडवा सीएसपी को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 11 लोगों पर मामला दर्ज किया है।
इंदौर की हैं संचालक
थाना मोघट रोड में धारा 23/25 में कायमी उनि. जोन बारिया, उनि. सुभाष नावड़े चौकी रामेश्वर ने की। 296,115 (2,) 351(3), 333,191 (2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। फरियादी भावना पिता चंपालाल राजपूत 27 साल निवासी बाणगंगा इंदौर हाल स्पा सेंटर आईटीआई के पीछे आनंद नगर खंडवा ने दर्ज कराई है।
