नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने इस साल अपने बेड़े में परिचालन में मौजूद विमानों की संख्या दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। एयरलाइन ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने पिछली तिमाही में अपनी क्षमता दोगुनी की है और उपलब्ध सीट किमी 55 करोड़ से बढ़कर 105 करोड़ हो गयी है। इस साल के अंत तक इसे 220 करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही रोजाना 300 से अधिक उड़ानों के संचालन का भी लक्ष्य रखा गया है। कंपनी के एक अधिकारी ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि अभी कंपनी के बेड़े में 33 विमान परिचालन में हैं। इस साल के अंत तक उसकी संख्या भी लगभग दोगुना कर 60 पर पहुंचाने का लक्ष्य है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी ने अपने बेड़े में 10 और विमानों की शामिल करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। कंपनी के निदेशकमंडल की पिछले सप्ताह हुई बैठक में वेट और डैम्प लीज के मिश्रण के माध्यम से बेड़े को चरणबद्ध तरीके से 60 विमानों तक बढ़ाने और मौजूदा समय में ग्राउंडेड विमानों को परिचालन में वापस लाने की योजना को स्वीकृति दी गयी थी। उल्लेखनीय है कि इस समय कंपनी के 37 विमान ग्राउंडेड हैं। स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा, “पिछली तिमाही में हमारी क्षमता को दोगुना करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है, और इस वर्ष इसे और दोगुने से अधिक करने की हमारी योजना व्यवसाय में बढ़ते विश्वास और नेटवर्क में मजबूत मांग को दर्शाती है। यह एमओयू हमारे संचालन को संतुलित और योजनाबद्ध तरीके से पुनर्निर्माण तथा विस्तार की दिशा में एक उत्साहजनक विकास है।”

