रुद्रपुर/नैनीताल, 13 जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को मनोज सरकार स्टेडियम के औचक दौरे पर पहुंची और खिलाड़ियों से बात की। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए यह भी कहा कि अगली बार जब हम मिले तो हरसंभव प्रयास करें कि गले में गोल्ड मेडल हो। इस पर वहां मौजूद खिलाड़ियों ने भी उनकी बात पर हामी भरी।
श्रीमती आर्य ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे वालीबॉल और हैंडबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
खेल मंत्री ने कहा कि हमारी टीमें राष्ट्रीय खेलों के महासमर में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गोवा में जो कसर बाकी रह गई थी इस बार उसे पूरा कर देना है। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए यह भी कहा कि अगली बार जब हम मिले तो हरसंभव प्रयास करें कि गले में गोल्ड मेडल हो।
खेल मंत्री ने हैंडबॉल टीम के ओपन ट्रायल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि हैंडबॉल टीम के चयन के लिए विशेष रूप से उन विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है जो अतीत में राष्ट्रीय टीम का चयन कर चुके हैं।
इसके पश्चात् उन्होंने 46वीं वाहिनी पीएसी का दौरा किया और शाटगन इवेंट को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी तैयारियां जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
