दिल्ली में धार्मिक उन्माद फैलाना चाहते हैं केजरीवाल: सचदेवा

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप लगाया है।

श्री सचदेवा ने रविवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “श्री केजरीवाल दिल्ली में धार्मिक उन्माद फैलाना चाहते हैं। उन्होंने गोल मार्केट स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर जहां सभी संप्रदाय के लोग जाकर पूजा करते हैं, उसमें 44 वोट कटवाने का आवेदन दिया है, क्योंकि वे दलित भाई-बहन है।”

उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि मंदिर में भगवान वाल्मीकि को पूजने वाले लोगों का वोट कटवाने की साजिश श्री केजरीवाल कर रहे हैं, वह वाल्मीकि जिन्होंने भगवान श्री राम को जन जन तक पहुंचाने का काम किया, जनमानस को भगवान राम से मिलाने का काम किया है, लेकिन श्री केजरीवाल वहां भी वोट कटवाने की अर्जी दे रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हैरान करने वाली बात तो यह है कि श्री केजरीवाल को वाल्मीकि मंदिर में बने हुए 44 वोट फर्जी लग रहे हैं, लेकिन बगल में दरगाह है, जहां 60 वोट है, जहां हमने जांच की, अब्दुल सुभान, मोहम्मद अफजल, फरीदा बेगम, नाम के कोई शख्स नहीं है लेकिन उनके वोट अरविंद केजरीवाल को फर्जी नहीं दिखाई देते।”

भाजपा नेता ने कहा कि श्री केजरीवाल को धर्म विशेष की राजनीति करनी है। उत्तर- पूर्वी दिल्ली में दंगा करवाना, शाहीन बाग में दंगा करवाना और आज एक बार फिर से हिंदू-मुस्लिम करके धर्म की राजनीति करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली में अवैध मतदाता बनाने का काम, उनको बसाने का काम श्री केजरीवाल कर रहे हैं। दूसरी तरफ पूर्वांचल के लोगों को गाली दी, हमारे पूर्वांचल के भाई बहनों को ढोंगी तक कहा।”

श्री सचदेवा ने कहा कि श्री केजरीवाल ने जिन भी लोगों को बदनाम किया है, समाज का हर व्यक्ति जो उनके द्वारा अपमानित है, वो 05 फरवरी को इसका हिसाब लेगा। दिल्ली की जनता इस बार इस जाति- धर्म की राजनीति करने वाले श्री केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित है।

Next Post

यादव ने युवाओं से देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का किया अनुरोध

Sun Jan 12 , 2025
भोपाल, 12 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने युवाओं से अपनी क्षमता, योग्यता और परिश्रम के जरिए वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में अपना योगदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। डॉ यादव आज यहां स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर […]

You May Like