हत्यारों को सख्त सजा देने के साथ ही उनके मकानों को तोड़ने की मांग की
नये साल के पहले हफ्ते में दो दिनों में हो गई दो हत्याएं
इंदौर: नए साल के पहले ही हफ्ते में शहर में हुई दो हत्याओं ने पुलिस प्रशासन को चुनौती दे दी है. सदर बाजार थाना क्षेत्र में आरोपियों द्वारा की गई एक युवक की हत्या के बाद रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गैरेज मैकेनिक राज कुशवाह की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. दोनों घटनाओं ने पुलिस की छवि को धूमिल करने की कोशिश की. इधर, राज कुशवाह की हत्या से आक्रोशित रहवासियों ने रावजी बाजार में आरोपियों के घर तोड़ने, हत्या में शामिल अन्य लोगों के नाम भी एफआईआर में जोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
पुलिस ने बताया कि रविवार रात 11.30 बजे 25 वर्षीय गैरेज संचालक राज कुशवाह की चाकू मार कर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी रोहन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य दो आरोपित शुभम और प्रतीक फरार है. उनकी तलाश में पुलिस की टीम जगह-जगह छापे मार रही हैं. मृतक राज और सौरभ अपने दोस्तों के साथ लाईट हाउस मल्हार मेगा मॉल गए थे. यहां राज के मोबाइल पर रोहन का कॉल आया था, सामने वाला राज के साथ गाली-गलौच कर रहा था.
वहां से निकलने के बाद हम लोग घटना स्थल पर पहुँचे. जहां रोहन अपने साथियों के साथ खड़ा था, तो राज उनके पास गया तो रोहन, शुभम फुलेरिया व प्रतीक ने राज को घेर लिया और शुभम फुलेरिया व प्रतीक ने राज को पकड़ लिया और रोहन ने अपने हाथ में लिए चाकू से राज हमला कर दिया. हमले में राज के गुप्तांग और जांघ से खून निकलने लगा. उसकी मदद करने के लिए सौरभ और विशाल बीच बचाब करने गए, तो रोहन ने सौरभ के हाथ पर भी चाकू मार दिया जिससे उसको भी हाथ पर चोट लगकर खून निकलने लगा. इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए. घायल राज और सौरभ को तत्काल अस्पताल भेजा गया. जहां राज की मौत हो गई.
नवरात्री में झंडा लगाने की बात पर हुई था विवाद
थाना प्रभारी आमोद सिंह राठौर ने बताया कि राज के माता-पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है. राज और उसका भाई उनके चाचा के यहां रहते हैं. राज का रोहन और उसके साथियों से नवरात्री के दौरान झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था, तभी से रोहन रंजिश रखने लगा था. सप्ताहभर पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था.
आरोपियों का फोटो लेकर विरोध
घटना के बाद एमवाय अस्पताल में राज के दोस्तों और परिजनों का धीरे-धीरे जमावड़ा लग गया. परिसर में ही आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. हत्या के विरोध में सोमवार सुबह परिजन ने गाड़ी अड्डा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन कर पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के मकान तोड़ने और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की. इस दौरान लोगों के हाथों में आरोपियों की फोटो लेकर विरोध कर रहे थे.
पुलिस कमिश्नर से मिले समाजजन
सिकंदराबाद कॉलोनी में 50 वर्षीय बब्बर पिता जगन्नाथ मोरले की हत्या के मामले में परिजन सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचे. जगन्नाथ की हत्या के मामले में आरोपी बिट्टू उर्फ साबिर और अल्फास उर्फ अल्लू ने सिमेंट के ब्लॉक से हमला कर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. विरोध स्वरुप परिजन ने बब्बर के शव को मरीमाता चौराहे पर रख कर चक्का जाम भी किया था, जिसके बाद अधिकारियों की समझाईश पर जाम समाप्त किया था.
इसको लेकर सोमवार को समाजजन दौबारा बड़ी संख्या में आरोपियों को सख्त सज़ा दिलवाने और नोकरी की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के दफ्तर पहुंचे. मामले में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह का कहना है कि आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है. स्थिति को संभालने के लिए इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है. मृतक के दोस्तों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. घटनाक्रम के मिले फुटेज के आधार पर जांच की जा रही हैं. उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
